Amit Shah Speech: दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और उन्होंने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा. अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा, अनुच्छेद 370, अर्थव्यवस्था, जीएसटी, घुसपैठ और दिल्ली में चल रही नई परियोजनाओं जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी.
मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 वर्षों में न केवल देश की सीमाओं को सुरक्षित बनाया है बल्कि भारत को आर्थिक रूप से भी मजबूत किया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गरीबों के जीवन में बदलाव लाने के लिए ऐतिहासिक योजनाएं लागू कीं और हर बच्चे के दिल में ‘महान भारत’ का सपना जगाया.
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के 75वें जन्मदिन पर नई दिल्ली में ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत ₹1600 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम से लाइव…#SevaParv https://t.co/enqYx78Sme
— Amit Shah (@AmitShah) September 17, 2025
अमित शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर को भी मोदी सरकार की निर्णायक नीति का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर जवाब देने का साहस केवल मोदी सरकार ने दिखाया है.
अनुच्छेद 370 और कश्मीर पर हुई चर्चा
गृह मंत्री ने विशेष रूप से 5 अगस्त 2019 का उल्लेख किया जब मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को खत्म कर जम्मू-कश्मीर से उसका विशेष दर्जा वापस लिया था. अमित शाह ने इसे भाजपा का वर्षों पुराना संकल्प बताते हुए कहा कि ‘इस फैसले ने देश की अखंडता को और मजबूत किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री की काम की भी तारीफ की.’
उन्होंने दावा किया कि ‘नरेंद्र मोदी ने अपने 24 साल के राजनीतिक करियर में कभी छुट्टी नहीं ली. मोदी जी का हर पल देश और गरीबों की सेवा को समर्पित है. आगे उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2027 तक तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.’
दिल्ली से जुड़े विकास कार्यों पर गृह मंत्री ने कहा कि राजधानी में कचरे के पहाड़ खत्म करने के लिए वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट शुरू किया गया है. नरेला-बवाना और ओखला में रोजाना हजारों टन कचरे से बिजली बनाने की सुविधा तैयार की गई है. शाह ने कहा कि जल्द ही ‘कुतुब मीनार से ऊंचे कचरे के पहाड़’ दिल्ली से गायब हो जाएंगे.
जनकल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने 395 आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी या तो शून्य कर दिया है या फिर केवल 5% रखा है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें ताकि भारत आत्मनिर्भर और समृद्ध बन सके.
कांग्रेस और घुसपैठियों पर भी किया हमला
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने उनकी हालिया यात्रा को ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ करार दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भारतीय जनता पर नहीं बल्कि घुसपैठियों पर भरोसा है. अमित शाह ने साफ कहा कि भाजपा मतदाता सूची की शुद्धि और घुसपैठियों को बाहर निकालने के अभियान का समर्थन करती है. आगे अमित शाह ने तीखे लहजे में कहा कि ‘राहुल गांधी किसको बचाने निकले हैं? कांग्रेस घुसपैठियों की सुरक्षा चाहती है, जबकि हम उन्हें पहचानकर हटाने के पक्ष में हैं.’ मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि पूरे देश में मंदिरों में यज्ञ और हवन हो रहे हैं, लोग उनके दीर्घायु होने की प्रार्थना कर रहे हैं. उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी बधाई दी जिन्होंने राजधानी में 17 नई योजनाओं की शुरुआत की.
ये भी पढ़ें: अमित शाह ने लालू परिवार पर किया तीखा हमला, कहा- बिहार का विकास नहीं कर सकते
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





