Bharat Express DD Free Dish

टोक्यो के 600 साल पुराने मंदिर में पीएम मोदी के लिए हुई खास पूजा, प्रधानमंत्री की लंबी आयु के लिए पढ़ा मंत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर टोक्यो के जोजो-जी मंदिर में विशेष बौद्ध प्रार्थना का आयोजन किया गया. भारतीय अल्पसंख्यक महासंघ के ‘विश्व सेवा पखवाड़ा’ के तहत सभी धर्मों के प्रवासी भारतीय शामिल हुए.

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को 75वां जन्मदिन मनाया गया. इस मौके पर उन्हें देश-विदेश से बधाइयां मिलीं. उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए लोगों ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पूजा और प्रार्थना की. ताजा वीडियो टोक्यो के 600 साल पुराने जोजो-जी मंदिर से आया है, जहां पुजारी ने भारत के प्रधानमंत्री के लिए खास पूजा और प्रार्थना की. टोक्यो स्थित जोजो-जी मंदिर के मुख्य पुजारी ताकेची कोई सान ने पीएम मोदी के स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए आशीर्वाद देने के लिए ‘नमो अमितुओफो’ का जाप किया और पीएम मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर आशीर्वाद देने के लिए विशेष बौद्ध प्रार्थना की.

PM मोदी के स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए आशीर्वाद

भारतीय अल्पसंख्यक महासंघ द्वारा आयोजित ‘विश्व सेवा पखवाड़ा’ के तहत इस पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्मों के प्रवासी भारतीय शामिल हुए. सांसद सतनाम सिंह संधू, भारतीय अल्पसंख्यक महासंघ (आईएमएफ) की संयोजक प्रो. हिमानी और सिख, बौद्ध और हिंदू सहित सभी धर्मों के प्रवासी भारतीय जोजो-जी मंदिर में आयोजित विशेष प्रार्थना के दौरान मौजूद रहे. मंदिर के पुजारी द्वारा विशेष मंत्रोच्चार के दौरान पारंपरिक ढोल भी बजाए गए. प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके दूरदर्शी नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त किया, जिसने देश को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.

इस अवसर पर जापान की प्रसिद्ध सितार वादक अकीको कोकुबू ने लाइव प्रस्तुति दी और कहा, “भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रति उनका प्रेम प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरित है.” 27 सितंबर को जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु धमाके की 80वीं वर्षगांठ पर मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए ‘विश्व सेवा पखवाड़ा 2025’ मनाया गया. सेवा पखवाड़ा का आयोजन पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक होगा.

सेवा पखवाड़ा मनाने का उद्देश्य दुनियाभर में शांति और मानवता का संदेश फैलाना है.

ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत हासिल कर रहा का उच्चतम आर्थिक विकास दर, पीएम के साथ बातचीत में बोले रूसी राष्ट्रपति पुतिन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read