पीएम मोदी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को रोहतास जिले के बिक्रमगंज पहुंचे. यहां उन्होंने 48,520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया. इसके बाद पीएम मोदी ने काराकाट में एक जनसबा को संबोधित किया.
विकास परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी (PM Modi) ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज मुझे इस पवित्र भूमि पर बिहार के विकास को नई गति देने का सौभाग्य मिला है. यहां करीब 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है. आप सब बड़ी संख्या में हमें आर्शीवाद देने आए हैं. आपका ये स्नेह और बिहार का ये प्यार मैं इसे हमेशा सर आंखों पर रखता हूं.”
“आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, अभी पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, हमारे कितने निर्दोष नागरिक मारे गए. इस जघन्य आतंकी हमले के एक दिन बाद मैं बिहार आया था और मैंने बिहार की धरती से देश से वादा किया था, वचन दिया था. बिहार की धरती से आंख में आंख मिलाकर हमने कहा दिया था कि आतंक और आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा. बिहार की धरती से मैंने कहा था कि उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी.
आज जब मैं बिहार आया हूं, तो अपना विचार पूरा करने के बाद आया हूं. जिन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था. हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में बदल दिया. भारत की बेटियों के सिंदूर की शक्ति क्या होती है. ये पाकिस्तान ने भी देखी और दुनिया ने भी देखी. जिस पाकिस्तानी सेना की छत्रछाया में आतंकी खुद को सुरक्षित मानते थे. हमारी सेनाओं ने एक ही झटके में उनको भी घुटनों पर ला दिया.
यह भी पढ़ें- PM Modi Kanpur Visit: पीएम मोदी का कानपुर दौरा आज, फ्लाईओवर, सड़क और मेट्रो तापीय परियोजना की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री (PM Modi) ने कहा, पाकिस्तान के एयरबेस, उनके सैन्य ठिकाने हमने कुछ ही मिनट में तबाह कर दिए. ये नया भारत है, ये नए भारत की ताकत है. Operation Sindoor में दुनिया ने हमारी BSF का भी अभूतपूर्व पराक्रम और अदम्य साहस देखा है. हमारी सीमाओं पर तैनात BSF के जाबांज सुरक्षा की अभेद चट्टान हैं.
आतंक के फन को फिर कुचलेगा भारत- PM Modi
आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई न रुकी है, न थमी है. आतंक का फन अगर फिर उठेगा, तो भारत उसे बिल से खींचकर कुचलने का काम करेगा. हमारी लड़ाई देश के हर दुश्मन से है, फिर वो चाहे सीमा पार हो या देश के भीतर हो. बीते वर्षों में हमने हिंसा और अशांति फैलाने वालों का कैसे खात्मा किया है, बिहार के लोग इसके साक्षी हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



