Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

धामी सरकार के 4 साल पूरे: पीएम मोदी ने दी ‘देवभूमि’ को बधाई, बोले- ‘विकास और सुशासन में उत्तराखंड ने पेश की नई मिसाल’

उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने बधाई दी है. पीएम ने देवभूमि के विकास, ऑल वेदर रोड और रेल कनेक्टिविटी को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा.

PM Modi congratulates Pushkar Singh Dhami on completing 4 years

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल के चार साल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी और राज्य की जनता को ढेरों बधाई दी. पीएम मोदी ने एक विशेष संदेश भेजकर उत्तराखंड में पिछले चार वर्षों में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर सराहना की. प्रधानमंत्री का यह संदेश राज्य सरकार के लिए एक बड़े प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है.

‘देवभूमि’ की सांस्कृतिक विरासत और सादगी का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में उत्तराखंड को सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और परंपराओं का केंद्र ‘देवभूमि’ बताया. उन्होंने कहा कि यहां की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पूरी दुनिया के लिए अनमोल है.

पीएम ने यहां के लोगों की सादगी और भाषाई विविधता की तारीफ करते हुए कहा कि इन्हीं खूबियों की वजह से उत्तराखंड की पहचान पूरी दुनिया में एक विशिष्ट राज्य के रूप में बनी है. उन्होंने संतोष जताया कि राज्य अब विकास और सुशासन के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.

कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहा जोर

उत्तराखंड के दुर्गम पहाड़ों में कनेक्टिविटी को आसान बनाना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है. पीएम मोदी ने अपने संदेश में चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना का विशेष रूप से जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के जरिए तीर्थयात्रियों की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और सुलभ हो गई है.

साथ ही, उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की प्रगति पर भी खुशी जताई, जो आने वाले समय में पहाड़ की लाइफलाइन बनने वाली है. पीएम के मुताबिक, ये बड़े प्रोजेक्ट्स न केवल यात्रा को आसान बना रहे हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को भी ऊंचा उठा रहे हैं.

पलायन पर लगेगी लगाम

पहाड़ी क्षेत्रों के लिए सबसे बड़ी समस्या हमेशा से ‘पलायन’ रही है. प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती इलाकों में सड़क नेटवर्क सुधारने और ‘विंटर टूरिज्म’ (शीतकालीन पर्यटन) को बढ़ावा देने के लिए धामी सरकार के प्रयासों की पीठ थपथपाई. उन्होंने कहा कि जब पहाड़ के गांवों तक सुविधाएं पहुंचेंगी और पर्यटन के नए अवसर खुलेंगे, तो युवाओं को रोजगार के लिए घर छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़ेगा.

पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले ये कदम उत्तराखंड को आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा कर देंगे.

ये भी पढ़ें: ‘10 रुपया वाला बिस्कुट’ डायलॉग से मशहूर शादाब जकाती पर लगे आरोपों से महिला पलटी, कैमरे के सामने मांगी माफी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital