PM Modi Emmanuel Macron Meet: मायानगरी मुंबई कल एक बहुत ही खास कूटनीतिक हलचल की गवाह बनने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों कल मुंबई में मुलाकात करेंगे. राष्ट्रपति मैक्रों, पीएम मोदी के खास न्योते पर 17 से 19 फरवरी तक भारत के आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रपति के तौर पर मैक्रों का यह चौथा भारत दौरा है, लेकिन सपनों के शहर मुंबई में वे पहली बार कदम रखेंगे.
मुंबई के ‘लोक भवन’ में सजेगी द्विपक्षीय बैठक
शेड्यूल के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे मुंबई के ‘लोक भवन’ में दोनों दिग्गजों के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी. इस मीटिंग का एजेंडा काफी बड़ा है. दोनों नेता न केवल अपनी रणनीतिक साझेदारी के अब तक के सफर का हिसाब-किताब करेंगे, बल्कि इसे भविष्य के नए और उभरते क्षेत्रों में ले जाने पर भी जोर देंगे.
जानकारों का मानना है कि इस दौरान रक्षा, स्पेस और न्यूक्लियर एनर्जी के साथ-साथ ग्लोबल पॉलिटिक्स और क्षेत्रीय सुरक्षा पर भी खुलकर चर्चा होगी.
2026: ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ का आगाज
शाम होते-होते इस दौरे का सबसे खास पल आएगा. करीब 5:15 बजे मोदी और मैक्रों मिलकर ‘भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. यह आयोजन सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें दोनों देशों के बड़े बिजनेस लीडर्स, स्टार्टअप्स चलाने वाले युवा, रिसर्चर्स और दिग्गज इनोवेटर्स भी शामिल होंगे. दोनों नेता इस मंच से इन टैलेंटेड लोगों को संबोधित करेंगे, जिसका मकसद ‘हॉरिजोन 2047’ रोडमैप के तहत भारत और फ्रांस के आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी आज करेंगे India AI Impact Expo का उद्घाटन, 13 देशों के पवेलियन और स्टार्टअप्स दिखाएंगे भविष्य की तकनीक
AI के मैदान में दुनिया का साथ
राष्ट्रपति मैक्रों का यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि वे भारत में हो रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में हिस्सा लेंगे. भारत आज से ही इस एक्सपो की मेजबानी कर रहा है, जिसमें फ्रांस के अलावा ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, जर्मनी और इटली समेत 13 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि जुट रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


