PM Modi Kerala Rally
PM Modi Kerala rally: लेफ्ट शासित राज्य केरल में चुनावी बिगुल रविवार (29 मार्च) को बीजेपी नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फूंक दिया है. विधानसभा चुनाव ( kerala elections 2026) को देखते हुए राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. केरल के पलक्कड़ में पीएम मोदी ने आज एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान प्रधानमंत्री पारंपरिक केरल वेशभूषा मुंडू (धोती) पहने नजर आए. जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने कहा, “उन्हें केरल में एक नई ऊर्जा और बदलाव की लहर महसूस हो रही है.” उन्होंने इस बदलाव का श्रेय राज्य की जनता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया.
केरल में बदलाव का संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राजनीतिक हिंसा के कारण कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई है. उन्होंने मंच से सभी दिवंगत कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल अब बदलाव का संकेत दे रहा है. उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और लोगों का भरोसा भाजपा पर मजबूत हो रहा है. सभा में उमड़ी भारी भीड़ को उन्होंने इस बदलाव का प्रमाण बताया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी माहौल नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन बनता जा रहा है. उनके अनुसार, राज्य के युवा, महिलाएं और किसान अब बड़ी संख्या में भाजपा और एनडीए के साथ जुड़ रहे हैं.
Speaking at a rally in Palakkad. The people of Keralam are no longer convinced by the empty promises of the LDF and the UDF. Only the BJP-NDA can fulfil people’s aspirations and ensure development. https://t.co/xCUOkk7jmP
— Narendra Modi (@narendramodi) March 29, 2026
पलक्कड़ की सुंदरता और विरासत की सराहना
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने पलक्कड़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पलक्कड़ को केरल का प्रवेश द्वार कहा जाता है और यहां की हरियाली, परंपराएं और मेहनती लोग इसे खास बनाते हैं. उन्होंने कल्पथी मंदिर का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी तुलना अक्सर काशी से की जाती है, जो उनके लिए विशेष महत्व रखता है.
एलडीएफ और यूडीएफ पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने राज्य की राजनीति पर हमला करते हुए कहा कि केरल लंबे समय से एलडीएफ और यूडीएफ के बीच फंसा हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन वोटबैंक की राजनीति करते हैं और विकास की अनदेखी करते हैं. उन्होंने दोनों को भ्रष्ट बताते हुए कहा कि सत्ता के बंटवारे का एक अनौपचारिक समझौता रहा है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल पर 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है, जो पिछले 10 साल में तीन गुना बढ़ा है. उन्होंने सवाल उठाया कि यह पैसा कहां गया और आरोप लगाया कि इसका फायदा आम लोगों तक नहीं पहुंचा.
ये भी पढ़ें: अफवाहों से बचें! मन की बात में पीएम मोदी की देशवासियों से बड़ी अपील, बोले- आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा
भाजपा सरकार का वादा
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि अगर केरल में भाजपा और एनडीए की सरकार बनती है, तो विकास को नई रफ्तार मिलेगी. उन्होंने “विकसित केरल” बनाने का वादा किया और कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी तथा हर रुपये का हिसाब लिया जाएगा.
-भारत एक्सपेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

