Bharat Express DD Free Dish

‘दोस्त सुरक्षित हैं, जानकर राहत मिली’; वॉशिंगटन में ट्रंप पर हमले की कोशिश पर पीएम मोदी, बोले- लोकतंत्र में हिंसा बर्दाश्त नहीं!

वाशिंगटन DC में ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर’ के दौरान सुरक्षा चेकपॉइंट पर गोलीबारी हुई. हमलावर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन सीक्रेट सर्विस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पीएम मोदी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए ट्रंप और मेलानिया ट्रंप के सुरक्षित होने पर राहत जताई है.

PM Modi Expresses Relief After Security Incident Involving President Donald Trump in Washington

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में आयोजित ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर’ (WHCD) के दौरान सुरक्षा में एक बड़ी चूकहो गई. इसके चलते राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने की कोशिश की गई. इस घटना की गूंज भारत तक सुनाई दी, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस की सुरक्षा पर राहत व्यक्त की है. पीएम मोदी ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं हो सकता.

पीएम मोदी ने जताया अटूट समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. पीएम ने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस के सुरक्षित होने की खबर पाकर उन्हें बड़ी राहत मिली है. पीएम मोदी ने न केवल उनके कल्याण की कामना की, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी जोर दिया. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और इसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए.’

पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति (@POTUS) को भी टैग किया, जो भारत और अमेरिका के बीच की गहरी दोस्ती और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को दर्शाता है.

क्या हुआ उस खौफनाक शाम को?

जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय एक युवक, जिसकी पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, ने सुरक्षा के घेरे को तोड़ने की कोशिश की. आरोपी केवल वहीं नहीं रुका, उसने सुरक्षा चेकपॉइंट पर गोलीबारी भी शुरू कर दी.

होटल के भीतर और बाहर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने जबरदस्त मुस्तैदी दिखाई. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोच लिया. इस गोलीबारी के दौरान एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी को गोली भी लगी, लेकिन गनीमत यह रही कि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उनकी जान बच गई. गनीमत यह भी रही कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनका परिवार इस पूरी घटना में पूरी तरह सुरक्षित रहा.

हमलावर कौन है और क्या था इरादा?

पकड़े गए आरोपी कोल टॉमस एलन से फिलहाल अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां और एफबीआई (FBI) पूछताछ कर रही हैं. शुरुआती जांच में ये तो साफ है कि उसने सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन उसके पीछे उसका मकसद क्या था, क्या वह किसी बड़े संगठन से जुड़ा है या ये एक ‘लोन वुल्फ’ अटैक की कोशिश थी, इसकी जांच जारी है. इस घटना ने एक बार फिर से अमेरिकी राजनीतिक आयोजनों में नेताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: गुजरात निकाय चुनाव: अहमदाबाद में पीएम मोदी और अमित शाह डालेंगे वोट, OBC आरक्षण के साथ बदली सत्ता की बिसात

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read