भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आए कतर के अमीर. पीएम मोदी ने उन्हें रिसीव किया.
Qatar Emir State Visit to India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार की शाम दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी का गर्मजोशी से स्वागत किया. कतर के अमीर शेख तमीम 17-18 फरवरी को भारत की राजकीय यात्रा पर हैं.
पीएम मोदी ने X.com पर पोस्ट कर कहा-
मैं अभी अपने भाई कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर गया. मैं भारत में उनके सफल प्रवास की कामना करता हूं और उनसे कल होने वाली मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.
अमीर शेख तमीम की भारत यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करना है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने उनके दौरे को लेकर मीडिया को जानकारी दी है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान कतर के अमीर एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए हैं, जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे.
A special gesture for a special friend!
PM @narendramodi welcomed HH Sheikh @TamimbinHamad Al-Thani, Amir of the State of Qatar, at the airport, as he arrived in New Delhi on his second State visit to India.
The visit will further strengthen the bonds of 🇮🇳-🇶🇦 partnership. pic.twitter.com/zsIS0pdPFc
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) February 17, 2025
द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर होगी बातचीत
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी का यह भारत का दूसरा राजकीय दौरा है. इससे पहले उन्होंने मार्च 2015 में भारत का दौरा किया था. इस यात्रा के दौरान, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत करेंगे. विदेश मंत्रालय ने बताया कि कतर के अमीर की यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ती बहुआयामी साझेदारी को और गति प्रदान करेगी.
अब राष्ट्रपति भवन में होगा कतर के अमीर का स्वागत
18 फरवरी 2025 को कतर के अमीर का औपचारिक स्वागत राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा. इस मौके पर कतर के अमीर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेंगे, और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन भी किया जाएगा. कतर के अमीर के साथ होने वाली इस चर्चा में भारत और कतर के बीच संबंधों को और गहरा करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी.
भारत और कतर के संबंध ऐतिहासिक
भारत और कतर के बीच मजबूत और ऐतिहासिक संबंध हैं. दोनों देशों के बीच दोस्ती, विश्वास और आपसी सम्मान की नींव बहुत पुरानी है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के रिश्तों में लगातार वृद्धि हुई है. व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति, और लोगों के बीच संबंधों में सुधार हुआ है. खासतौर पर कतर में रहने वाला भारतीय समुदाय, जो कतर का सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है, दोनों देशों के बीच रिश्तों को और भी मजबूत करता है.
कतर के अमीर की यह यात्रा दोनों देशों के भविष्य के संबंधों को और भी मजबूत करेगी. भारत और कतर के रिश्तों में विविधता और गहराई को देखते हुए, इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों और सहयोगी परियोजनाओं की संभावना है.
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
