पहाड़ों की गोद में बसे खूबसूरत राज्य सिक्किम के लिए आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. यह दौरा बेहद खास है क्योंकि सिक्किम अपने गठन की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है और पीएम मोदी इसी ‘स्वर्ण जयंती’ समारोह के समापन अवसर पर राज्य को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.
गंगटोक में ‘ऑर्किड’ की खुशबू और विकास की हुंकार
प्रधानमंत्री सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. उनके दौरे की असली हलचल कल यानी 28 अप्रैल को दिखेगी. मंगलवार सुबह पीएम सबसे पहले गंगटोक के ‘ऑर्किडेरियम’ जाएंगे. यह कोई साधारण गार्डन नहीं है, बल्कि इसे एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में तैयार किया गया है, जो सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता और फूलों की विरासत को दुनिया के सामने रखेगा.
इसके बाद सुबह 10 बजे पालजोर स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम होगा. यहां पीएम मोदी न केवल जनसभा को संबोधित करेंगे, बल्कि रिमोट का बटन दबाकर सिक्किम के भविष्य की नई इबारत लिखेंगे.
शिक्षा और सेहत पर सबसे ज्यादा फोकस
इस दौरे में सिक्किम की बुनियादी सुविधाओं को नया आयाम मिलने वाला है. स्वास्थ्य के क्षेत्र में यांगांग (नामची) को 100 बेड का नया आयुर्वेद अस्पताल मिलने जा रहा है, जिसकी आधारशिला पीएम रखेंगे. वहीं, एनआईटी देओराली में 30 बेड वाले ‘सोवा रिग्पा’ अस्पताल का उद्घाटन किया जाएगा.
शिक्षा के क्षेत्र में तो जैसे प्रोजेक्ट्स की झड़ी लग गई है. यांगांग में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर और चाकुंग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन होगा. इसके अलावा, मेडिकल और प्रोफेशनल कॉलेज के साथ-साथ 160 स्कूलों को हाई-टेक यानी ‘आईटी इनेबल्ड’ बनाया जाएगा.
सड़कें, बिजली और पर्यटन
पहाड़ों में कनेक्टिविटी सबसे बड़ी चुनौती होती है. इसे दूर करने के लिए पीएम मोदी तीस्ता नदी पर दो ‘डबल-लेन स्टील आर्क पुलों’ की नींव रखेंगे. साथ ही बर्डहांग से नामची तक की नई सड़क का उद्घाटन भी होगा. बिजली कटौती की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए गंगटोक के पूरे पावर नेटवर्क को नया रूप दिया जा रहा है, जिसका लोकार्पण कल पीएम करेंगे.
सिक्किम की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर टिकी है. इसे बढ़ावा देने के लिए कैलाश मानसरोवर यात्रा की सुविधाओं, इको-टूरिज्म और ‘रिज प्रीसिंक्ट’ के पुनर्विकास जैसी कई परियोजनाओं की शुरुआत होगी. साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए ‘सिक्किम इफको प्रोसेसिंग प्लांट’ भी कल से शुरू हो जाएगा.
नया और आधुनिक सिक्किम
शहरी विकास के तहत पुलिसकर्मियों के लिए घर और गरीबों के लिए आवास योजनाओं की शुरुआत होगी. इसके अलावा, पाकयोंग में क्रिकेट प्रेमियों के लिए इनडोर क्रिकेट सुविधा का भी तोहफा मिलेगा. कुल मिलाकर, पीएम मोदी का यह दौरा सिक्किम के अगले 50 सालों की नींव रखने वाला साबित होगा.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने कोलकाता के थंथानिया कालीबाड़ी में की पूजा, रोड शो के बीच लिया मां काली का आशीर्वाद
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



