Bharat Express DD Free Dish

जलियांवाला बाग की 107वीं बरसी: पीएम मोदी ने शहीदों को किया नमन, कहा- ‘उनका बलिदान पीढ़ियों को न्याय और गरिमा के लिए प्रेरित करेगा’

जलियांवाला बाग नरसंहार की 107वीं बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भावुक संदेश. जानिए कैसे बैसाखी के उस बलिदान ने भारत की आजादी के संकल्प को और अधिक मजबूत किया.

pm-modi-tribute-jallianwala-bagh-massacre-anniversary-2026

आज पूरा देश उस काले दिन को याद कर रहा है, जिसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की दिशा और दशा हमेशा के लिए बदल दी थी. 13 अप्रैल 1919- अमृतसर का वह जलियांवाला बाग, जहाँ जनरल डायर की क्रूरता ने निहत्थे मासूमों के खून से होली खेली थी. आज इस नरसंहार की 107वीं बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन महान बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. पीएम ने जोर देकर कहा कि उन शहीदों का अदम्य साहस आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है.

शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए लिखा, “आज के दिन हम जलियांवाला बाग के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं.”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि उनका बलिदान हमारे जनमानस के अदम्य साहस का सशक्त प्रमाण है. उनके द्वारा प्रदर्शित साहस और दृढ़ संकल्प आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के मूल्यों को कायम रखने के लिए प्रेरित करता रहेगा.

इतिहास का जख्म

ये दिन हमें इतिहास के उस दौर में ले जाता है जब रॉलेट एक्ट के विरोध में बैसाखी के दिन लोग शांतिपूर्ण सभा कर रहे थे. बिना किसी चेतावनी के गोलियां बरसाई गईं और वो बाग देखते ही देखते लाशों के ढेर में तब्दील हो गया.

ये एक दुखद याद नहीं, बल्कि वो मोड़ था जहाँ से ब्रिटिश हुकूमत के अंत की उल्टी गिनती शुरू हो गई थी. इसी नरसंहार ने भगत सिंह जैसे मासूम बच्चे के मन में इंकलाब की मशाल जलाई और ऊधम सिंह जैसे योद्धा को जन्म दिया.

विकसित भारत का संकल्प

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के बाद अब देश जब ‘विकसित भारत 2047’ की ओर बढ़ रहा है, तो ऐसे शहीदों का स्मरण हमें हमारे मूल कर्तव्यों की याद दिलाता है.

ये भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह ने दी बैसाखी की शुभकामनाएं; कहा- ‘जीवन में नई ऊर्जा और समृद्धि लेकर आए ये पर्व’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read