PM Modi To Youth In AI Summit: राजधानी नई दिल्ली में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य, इसके प्रति हमारी जिम्मेदारियों और युवाओं की भूमिका पर अहम संदेश दिया. 100 से अधिक देशों से आए नेताओं, विशेषज्ञों और इनोवेटर्स का 140 करोड़ भारतीयों की ओर से स्वागत करते हुए पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत नई तकनीक को तेजी से अपनाने वाला देश है और AI के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
‘आने वाली पीढ़ी के लिए कैसा AI छोड़ रहे हैं,
प्रधानमंत्री ने AI के अकल्पनीय पैमाने और रफ्तार का जिक्र करते हुए इसके जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि हमें AI के क्षेत्र में बड़े सपने देखने होंगे, लेकिन जिम्मेदारी के साथ. हमें यह ध्यान में रखना होगा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए कैसा AI छोड़कर जा रहे हैं और वर्तमान में हम इसके जरिए क्या कर रहे हैं. उन्होंने अतीत का उदाहरण देते हुए आगाह किया कि मानवता ने पहले भी परमाणु विनाश देखा है और उसके समाधान भी निकाले हैं, इसलिए तकनीकी विकास के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है.
ये भी पढ़ें: ‘दुनिया को AI में भय दिखता है, हमें भाग्य’, AI Summit में पीएम मोदी के भाषण की खास बातें
युवाओं का जोश और ‘मेक इन इंडिया’
समिट में युवाओं की भारी भागीदारी और उनके इनोवेशन की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि युवा पीढ़ी का AI को अपनाना एक बहुत बड़ा और सकारात्मक कदम है. उन्होंने कहा कि शुरुआत में किसी भी नई तकनीक को लेकर लोगों में संदेह होता है, लेकिन हमारे युवा जिस तरह से इसे अपना रहे हैं और इस पर अधिकार जता रहे हैं, वह अद्भुत है. कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में युवाओं द्वारा पेश किए गए समाधान सीधे तौर पर ‘मेक इन इंडिया’ की भावना को दर्शाते हैं.
‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ पर आधारित हो AI
प्रधानमंत्री ने कहा कि मानव इतिहास में हर कुछ शताब्दियों में एक बड़ा बदलाव आता है, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी एक ऐसा ही युगांतरकारी परिवर्तन है जो मशीनों को समझदार बनाने के साथ इंसानों की क्षमता बढ़ा रहा है. पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि AI का विकास मानव केंद्रित होना चाहिए. इसे ‘सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत पर काम करना चाहिए ताकि यह समाज के हर वर्ग के लिए सुलभ और समावेशी बन सके.
ये भी पढ़ें: ‘सीक्रेट कोड पब्लिक करो’; AI Summit में टेक दिग्गजों से बोले पीएम मोदी, क्या हैं मायने?
भारत तैयार कर रहा है मजबूत इकोसिस्टम
भारत की तैयारियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के पास टैलेंट, ऊर्जा और एक स्पष्ट नीति है. भारत AI के लिए एक बेहद मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रहा है. आने वाले समय में कृषि, सुरक्षा, दिव्यांगजनों की मदद और भारत जैसे बहुभाषी समाज की जरूरतों को पूरा करने में AI की अहम भूमिका होगी. इसी दिशा में तेजी से काम करते हुए भारत ने AI में वैश्विक नेतृत्व का बड़ा संकल्प लिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
