Bharat Express DD Free Dish

‘टाइगर अभी जिंदा है!’ पंजाब की सियासत में क्यों गूंजा सलमान खान का डायलॉग, पोस्टर वॉर से मचा बवाल

Majitha poster war: पंजाब के मजीठा में बिक्रम मजीठिया के समर्थन और विरोध में पोस्टर वॉर तेज हो गया है. ‘टाइगर अभी जिंदा है’ लिखे पोस्टरों ने सियासी माहौल गरमा दिया है, जबकि FIR के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है.

Punjab Majitha poster war

Majitha poster war: पंजाब/ ललित शर्मा: पंजाब की सियासत में एक बार फिर पोस्टर वॉर देखने को मिल रहा है. शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया (Bikram Singh Majithia) को लेकर इलाके में “टाइगर अभी जिंदा है” के पोस्टर लगाए जा रहे हैं. हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले कई बार राजनीतिक पार्टियों में ऐसा पोस्टर वॉर देखने को मिला है.

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले बिक्रम सिंह मजीठिया को भगोड़ा बताने वाले पोस्टर पूरे इलाके में लगाए गए थे. अब इसके जवाब में उनके समर्थकों ने “टाइगर अभी जिंदा है” लिखे हुए पोस्टर लगाए हैं. इस पोस्टरबाजी के चलते मजीठा हल्के में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है.

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में थाना मजीठा में एक मामले को लेकर राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है. जानकारी के अनुसार, अकाली दल के कार्यकर्ता जोबनप्रीत सिंह को हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें छुड़वाने की कोशिश के मामले में बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इसके बाद से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. अलग-अलग दल इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. वहीं दूसरी ओर मजीठा क्षेत्र में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें बिक्रम सिंह मजीठिया के समर्थन में संदेश दिया गया है. समर्थकों का कहना है कि इन पोस्टरों के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि कानूनी और राजनीतिक मुश्किलों के बावजूद मजीठिया का जनाधार अभी भी मजबूत है और लोगों का समर्थन उनके साथ बना हुआ है.


ये भी पढ़ें: पवित्र नदी में शर्मनाक हरकत, पानी के बीचों-बीच कपल के रोमांस का VIDEO वायरल, लोगों ने ऐसे लगाई क्लास!


इलाके में चर्चा का विषय

वहीं विरोधी दलों का आरोप है कि यह सब केवल राजनीतिक दबाव बनाने और माहौल को प्रभावित करने की कोशिश है. उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल मजीठा हल्के में लगे ये नए पोस्टर और उससे जुड़ी राजनीति लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं. राजनीतिक हलकों में भी इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read