Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

20 दिन से न फोटो, न ट्वीट… कहां हैं राहुल गांधी? नेता प्रतिपक्ष की गैरमौजूदगी पर बीजेपी ने उठाए सवाल

राहुल गांधी पिछले 20 दिनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों और सोशल मीडिया से दूर हैं. इस बीच कांग्रेस के कई कार्यक्रम टले, जबकि बीजेपी ने उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए.

Rahul Gandhi

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पिछले करीब 20 दिनों से सार्वजनिक गतिविधियों में दिखाई नहीं दिए हैं. इस दौरान न तो उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर किसी कार्यक्रम की नई तस्वीर या वीडियो साझा की गई और न ही उनकी ओर से कोई सार्वजनिक बयान सामने आया. ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

कहां है राहुल गांधी?

बीजेपी ने भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं. पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पूछा कि आखिर राहुल गांधी इस समय कहां हैं. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी लंबे समय से भारत से बाहर हैं और उनके मौजूदा ठिकाने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. मालवीय ने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी किस देश में हैं, किसके साथ समय बिता रहे हैं और उनकी विदेश यात्रा का उद्देश्य क्या है.

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के कार्यक्रमों पर पड़ा असर

राहुल गांधी की अनुपस्थिति का असर कांग्रेस के चल रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर भी देखने को मिला है. पार्टी नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ देशभर में आंदोलन चला रही है. इसी अभियान के तहत राहुल गांधी का छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित था.

बिहार की राजधानी पटना में 15 जुलाई को होने वाला यह कार्यक्रम अब स्थगित कर दिया गया है. अब इसकी जगह 17 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है. कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस बदलाव के पीछे केवल राहुल गांधी की अनुपलब्धता ही नहीं, बल्कि बिहार कांग्रेस के भीतर चल रही संगठनात्मक खींचतान भी एक बड़ी वजह रही.

प्रयागराज का कार्यक्रम भी टलने की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, 10 जुलाई को प्रयागराज में प्रस्तावित कार्यक्रम भी तय समय पर नहीं हो सका. हालांकि पार्टी की ओर से इन बदलावों पर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन संगठन के भीतर यह माना जा रहा है कि राहुल गांधी की उपलब्धता और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रमों में बदलाव किया गया.


ये भी पढ़ें: ‘थैंक्यू कसाब जिंदा पकड़ा गया…’ 26/11 हमले को लेकर पूर्व IAS ने खोली कांग्रेस की पोल, हिला दी देश की सियासत


विदेश दौरे की चर्चा

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं. हालांकि कांग्रेस ने अभी तक उनकी यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है. न ही राहुल गांधी ने स्वयं अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस संबंध में कोई जानकारी साझा की है. इसी वजह से उनकी गैरमौजूदगी को लेकर अटकलें लगातार तेज हो रही हैं.

सूत्रों के मुताबिक, पहले उनके जल्द लौटने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन वापसी की तारीख आगे बढ़ने की चर्चा भी सामने आई. इसी कारण पार्टी के कुछ तय कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital