Bharat Express DD Free Dish

राज्यसभा में आज ‘वंदे मातरम्’ पर विशेष चर्चा, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे शुरुआत

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर संसद में विशेष चर्चा आयोजित की जा रही है. सोमवार को लोकसभा में चर्चा हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे गौरव का पल बताया.

‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर संसद में विशेष चर्चा आयोजित की गई है. सोमवार को लोकसभा में हुई विस्तृत चर्चा के बाद, अब मंगलवार को राज्यसभा में भी इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय गीत पर विशेष चर्चा होगी. देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इस गीत के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में संसद में खास चर्चा की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, राज्यसभा में मंगलवार को दोपहर 1 बजे से ‘वंदे मातरम’ पर विशेष चर्चा होगी. भाजपा की ओर से चर्चा की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे. इस दौरान अमित शाह ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर अपने विचार रखेंगे. चर्चा का समापन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे. वह राष्ट्रीय गीत की 150 वर्ष की यात्रा को रेखांकित करेंगे. इसके अलावा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राधामोहन दास अग्रवाल, के लक्ष्मण, घनश्याम तिवारी और सतपाल शर्मा भी अपने-अपने विचार रखेंगे.

बता दें कि लोकसभा में सोमवार को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर खास चर्चा हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोपहर 12 बजे चर्चा की शुरुआत की. उनके बाद कई अन्य नेताओं ने भी इस पर अपनी बात रखी.

मोदी ने वंदे मातरम् की 150 साल की यात्रा को याद किया

प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में बोलते हुए वंदे मातरम् पर हो रही चर्चा को गौरव का पल बताया. उन्होंने कहा, “हमने इस महत्वपूर्ण अवसर पर एक सामूहिक चर्चा का रास्ता चुना है. जिस मंत्र और जयघोष ने देश की आजादी के आंदोलन को ऊर्जा और प्रेरणा दी थी और त्याग और तपस्या का मार्ग दिखाया था. उस वंदे मातरम् को स्मरण करना हम लोगों का सौभाग्य है. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम इस पल के साक्षी बन रहे हैं.”

उन्होंने कहा, “एक ऐसा कालखंड जो हमारे सामने इतिहास की अनगिनत घटनाओं को अपने सामने लेकर आता है. यह चर्चा सदन की प्रतिबद्धता को तो प्रकट करेगी ही, लेकिन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यह शिक्षा का कारण बन सकती है अगर हम इसका सदुपयोग करेंगे. आज हम वंदे मातरम की 150 वर्ष की सामूहिक ऊर्जा की अनुभूति कर रहे हैं.”

ये भी पढ़ें: ‘वंदे मातरम् को खंडित किया गया’, कांग्रेस पर जमकर बरसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read