Bharat Express DD Free Dish

5 जून की रात, काला बैग: चंपत राय को पहले लग गई थी भनक! राम मंदिर चढ़ावा चोरी में CCTV ने खोले राज

Ram Mandir scam: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. ट्रस्ट को गड़बड़ी की जानकारी पहले से थी और पुलिस ने FIR से पहले ही कार्रवाई कर दी थी.

Ram Mandir scam: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में अब यह सामने आया है कि मंदिर ट्रस्ट को इस गड़बड़ी की भनक पहले ही लग गई थी. सूत्रों के मुताबिक, 5 जून को चंपत राय के निर्देश पर ट्रस्ट के प्रतिनिधि पुलिस टीम के साथ आरोपी अविनाश शुक्ला के ठिकाने पर पहुंचे थे. उसी दिन पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया और उसके पास से नकदी भी बरामद की गई.

FIR से पहले हुई कार्रवाई

दिलचस्प बात यह है कि उस समय ट्रस्ट की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. शुरुआती कार्रवाई अनौपचारिक स्तर पर हुई थी और मामला 7 जून को सार्वजनिक हुआ. इसी बीच अविनाश शुक्ला का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है. यह 24 सेकंड का वीडियो 5 जून की रात 8 बजकर 13 मिनट का है, जिसमें पुलिस और बैंक कर्मचारी उसे सफेद कार की ओर ले जाते दिख रहे हैं.

काले बैग में नकदी

वीडियो में अविनाश के हाथ में एक काला बैग नजर आता है. सूत्रों का कहना है कि इसी बैग में करीब 5 लाख रुपये मिले थे. फुटेज में साफ दिखता है कि पुलिस आरोपी को पकड़कर कार में बैठा रही है और उसके हाथ में बैग मौजूद है.

सभी आरोपियों के घरों पर छापेमारी

रविवार को पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की. इस दौरान कुछ घरों से जेवरात और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज मिले. अब पुलिस इनकी जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं ये संपत्तियां मंदिर से चोरी हुई रकम से तो नहीं खरीदी गईं.

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लव कुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला और रामाशंकर यादव समेत अन्य आरोपियों के घरों की तलाशी ली गई. यह कार्रवाई अदालत द्वारा सभी आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश के दो दिन बाद हुई. माना जा रहा है कि अगली पेशी में पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग कर सकती है.

दस्तावेज भी बरामद

छापेमारी के दौरान आरोपी मनीष यादव के घर से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज मिले. घर बंद होने पर पुलिस ने परिवारवालों से ताला खुलवाकर तलाशी ली. रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों के घरों की भी तलाशी हुई और परिवार से पूछताछ की गई.

मामले में कितने आरोपी गिरफ्तार?

गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं. ये सभी मंदिर में चढ़ावे की नकदी और कीमती सामान की गिनती से जुड़े थे.

ये भी पढ़ें-एक दिन, दो देश, 25 मौतें… फ्रांस में स्काईडाइव विमान तबाह, सऊदी में हेलीकॉप्टर क्रैश

अब तक कितना रुपया बरामद?

पुलिस अब तक आरोपियों के ठिकानों से 79.85 लाख रुपये बरामद कर चुकी है. इस मामले में चोरी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी की संपत्ति रखने और आपराधिक साजिश की धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. एफआईआर SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुई थी. उत्तर प्रदेश सरकार ने मंदिर फंड में गड़बड़ी की शिकायत के बाद SIT का गठन किया था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read