Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

क्या ट्रस्ट से नहीं हटेंगे चंपत राय और अनिल मिश्रा? राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले की बैठक में होगा विचार

श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने शनिवार को प्रेस रिलीज जारी कर दान चोरी मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि ने रामभक्तों को आश्वस्त किया है कि मंदिर में भक्तों द्वारा दी गई चांदी की ईंटें और बहुमूल्य आभूषण पूरी तरह सुरक्षित हैं.

Ram Mandir Trust Confirms Champat Rai Resignation Over Donation Scam

Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या राम मंदिर के दान पात्र से चढ़ावा चोरी होने के घोटाले पर मचे बवाल के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने शनिवार को एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की है. न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि द्वारा जारी इस बयान में पिछले कई दिनों से चल रहे घटनाक्रम और विवाद पर गहरा दुख और खेद व्यक्त किया गया है. ट्रस्ट ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए महासचिव चंपत राय और वरिष्ठ सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है.

ट्रस्ट की शिकायत पर बनी SIT की 11 जुलाई को बैठक

प्रेस रिलीज के अनुसार मंदिर में चढ़ावे की चोरी पकड़े जाने के बाद खुद ट्रस्ट की शिकायत पर ही उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था. एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर ही मंदिर प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ पहली एफआईआर दर्ज कराई थी.

चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद अब आगामी 11 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की एक बेहद अहम और आपातकालीन बैठक होने जा रही है. उडुपी पीठाधीश्वर विश्व तीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने बताया कि यह बैठक वैसे तो नियमित अंतराल पर होती है, लेकिन इस बार इसमें दोनों इस्तीफों को औपचारिक रूप से स्वीकार किया जाएगा. कयास लगाए जा रहे हैं कि मंदिर के दैनिक कामकाज और मैनेजमेंट को पारदर्शी बनाने के लिए इस बैठक में नए महासचिव के साथ-साथ एक नए CEO की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है.

सनातन को बदनाम करने की साजिश

करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस न पहुंचे, इसके लिए स्वामी गोविंददेव गिरि ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित की गई चांदी की ईंटें, कीमती आभूषण और अन्य सामग्रियां न्यास के लॉकर में पूरी तरह सुरक्षित हैं. उनका एक-एक पाई का हिसाब मौजूद है, केवल कैश काउंटर से नोटों की गड्डियां चोरी हुई थीं.

ट्रस्ट ने भक्तों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही मनगढ़ंत अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि कुछ अधार्मिक और स्वार्थी तत्व इस दुखद घटना की आड़ में सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं, जिसे कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा. दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी और जल्द ही सत्य का सूर्य उदय होगा.

ये भी पढें: 25 में से 24 भागे, 1 डटी रही, अंजना बैगा ने 16 KM पैदल चलकर जीती सरकारी नौकरी, 7 पदों पर सन्नाटा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital