Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Ayodhya: राम मंदिर 70 प्रतिशत बनकर तैयार , प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी तेज, देश के पांच लाख गांव में LIVE टेलीकास्ट की तैयारी

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट रामलला के दर्शन का अभियान भी चलाने की पूरी रणनीति बना रहा है. देश के सभी राज्यों के रामभक्तों को अलग-अलग तिथियों पर अयोध्या आमंत्रित करने की प्लानिंग बनाई जा रही है.

तेजी से हो रहा है राम मंदिर का निर्माण कार्य

Ayodhya: अयोध्या में तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है और इसी बीच अब प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारी भी तेज हो गई है. जनवरी माह में भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और इससे पहले रामलला का गर्भगृह बनकर तैयार हो जाएगा. तो वहीं भगवान श्रीराम के भक्त भी मंदिर के जल्द से जल्द बनकर तैयार होने की बाट जोह रहे हैं. वहीं जानकारी सामने आ रही है कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण करने की योजना बनाई जा रही है. करीब 5 लाख गांवों में लाइव प्रसारण कराए जाने की तैयारी चल रही है.

मीडिया सूत्रों के मुताबिक श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव करने की पूरी रणनीति बना ली है. श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय पहले ही बता चुके हैं कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता भेजा गया है. ऐसे में मंदिर परिसर के साथ ही पूरे अयोध्या में हाई सिक्योरिटी का मामला रहेगा. इसी के साथ करीब 160 देशों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रण भेजा गया है और लाखों लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की सम्भावना है. वहीं चंपतराय ने बताया कि देश के तमाम श्रद्धालु चाहते हैं कि वह इस कार्यक्रम में पहुंचें लेकिन ऐसा सम्भव नहीं होगा. इसीलिए देश भर के करीब 5 लाख गांवों को सजीव प्रसारण के जरिए प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम दिखाया जाएगा. राम भक्तों की सुविधा के लिए हर मंदिर में LED स्क्रीन लगवाई जाएगी और इसी के जरिए कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा. शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी ये स्क्रीन लगाई जाएगी.

ये भी पढ़ें- Noida News: अब बिल्डर नहीं कर सकेंगे नक्शे से छेड़छाड़, यूपी RERA ने लागू किया नया नियम

70 फीसदी काम हो चुका है पूरा

बता दें कि राममंदिर का करीब 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है. इसी के साथ श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट रामलला के दर्शन का अभियान भी चलाने की पूरी रणनीति बना रहा है. देश के सभी राज्यों के रामभक्तों को अलग-अलग तिथियों पर अयोध्या आमंत्रित करने की प्लानिंग बनाई जा रही है. जानकारी सामने आई है कि , जो भी भक्त यहां आएगा, उसे रामलला का दर्शन तो कराया ही जाएगा, साथ ही प्रसाद भी भेंट किया जाएगा और यह अभियान मकर संक्रांति के बाद से शुरू हो जाएगा. तो वहीं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ संयुक्त रूप से देशभर में दर्शन अभियान चलाने की तैयारी में जुटा हुआ है. सभी 27 राज्यों को 40 इकाइयों ( प्रान्तों ) में बांट कर अलग-अलग तिथियों पर राम भक्तों को रामलला का दर्शन कराने की योजना बनाई जा रही है.

दरवाजों पर उकेरे जा रहे हैं चित्र

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर के दरवाजे व खिड़कियों का काम तेज कर दिया गया है. राममंदिर का भूतल पूरा बनकर तैयार हो चुका है. अब केवल दरवाजे, खिड़की व फर्श का काम शेष रह गया है जो कि तेजी से हो रहा है. मंदिर के दरवाजों व खिड़कियों की नक्काशी ट्रस्ट की रामसेवकपुरम व रामघाट स्थित कार्यशाला में की जा रही है. उन्होंने बताया कि दरवाजों पर गणेश, हाथी,गदा, चक्र, शंकर सहित तमाम धार्मिक चित्रों को उकेरा जा रहा है. महाराष्ट्र के सागौन की लकड़ी से मंदिर के दरवाजे बन रहे हैं और अब इनको अंतिम रूप दिया जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital