Bharat Express DD Free Dish

Ranya Rao Gold Smuggling Case: ED ने रान्या राव सोना तस्करी मामले में राज्य के गृह मंत्री से जुड़े कर्नाटक के कॉलेजों पर मारे छापे

श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और श्री सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में जांच एजेंसी की छापेमारी की गई. दोनों कॉलेज एक ट्रस्ट द्वारा संचालित हैं, जिसका स्वामित्व परमेश्वर के परिवार के पास है.

अभिनेत्री रान्या राव (बांए) और कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर (दांए). (फोटो: X)

Ranya Rao Gold Smuggling Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रान्या राव के सोने की तस्करी मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर से जुड़े एक मेडिकल कॉलेज और एक शैक्षणिक संस्थान में छापेमारी की. श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और श्री सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में जांच एजेंसी की छापेमारी की गई. दोनों कॉलेज एक ट्रस्ट द्वारा संचालित हैं, जिसका स्वामित्व परमेश्वर के परिवार के पास है.

ED ने रान्या राव और परमेश्वर से जुड़े मेडिकल कॉलेज के बीच कथित तौर पर मनी ट्रेल पाए जाने के बाद छापेमारी की. एजेंसी अधिक सबूत जुटाने के लिए अस्पताल के वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच कर रही थी.

20 मई को कोर्ट ने दी थी जमानत

20 मई को रान्या राव और सह-आरोपी तरुण कोंडारू राजू को सोने की तस्करी मामले में आर्थिक अपराधों के लिए एक विशेष अदालत ने शर्तों के साथ जमानत दे दी. कोर्ट के फैसले के मुताबिक, दोनों देश नहीं छोड़ सकते और दोबारा ऐसा अपराध नहीं कर सकते. इन शर्तों के उल्लंघन पर जमानत रद्द किए जाने की बात कही गई.

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा निर्धारित अवधि के भीतर आरोप पत्र दाखिल करने में विफल रहने के बाद अदालत ने उनकी डिफ़ॉल्ट जमानत याचिकाओं को मंजूरी दे दी. अभिनेत्री राव को दुबई से आने के बाद 3 मार्च को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था.  एक गुप्त सूचना के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया और उसके पास से 12.56 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 14.2 किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद कीं. मामले की जांच जारी है.

हालांकि, जमानत मिलने के बाद भी रान्या राव को अभी तक रिहा नहीं किया गया है. उनके खिलाफ विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम के तहत केस दर्ज है.


ये भी पढ़ें: “स्काई एक्सचेंज या फिर महादेव ऐप से मेरा कोई संबंध नहीं”, ईजमाईट्रिप के चेयरमैन निशांत पिट्टी बोले- मेरी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की हो रही कोशिश


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read