श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार ने जेल में बंद कैदियों को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जेल विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की जेलों में सजा काट रहे कैदियों को 60 दिन की सजा में छूट दी जाए. हालांकि यह छूट केवल उन्हीं कैदियों को मिलेगी जो हल्के अपराधों में सजा काट रहे हैं. आतंकवाद और हत्या जैसे गंभीर मामलों में बंद कैदियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
14 हजार कैदियों को राहत मिलने की उम्मीद
मध्य प्रदेश की जेलों में इस समय करीब 21 हजार कैदी सजा काट रहे हैं. सरकार के इस फैसले से लगभग 14 हजार कैदियों को राहत मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने इस जानकारी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा करते हुए लिखा कि यह कदम कैदियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर देने के उद्देश्य से उठाया गया है.
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भी प्रदेश की जेलों के दंडित बंदियों को सजा में करीब 60 दिन की छूट हेतु जेल विभाग को निर्देश दिए हैं। आतंकवादी गतिविधि, लैंगिक अपराध, हत्या के गंभीर आरोपी इसमें शामिल नहीं हैं। इससे 21 हजार बंदियों में से लगभग 14 हजार लाभान्वित होंगे।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 23, 2025
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी कैदी हुए थे रिहा
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस पर भी राज्य सरकार ने अच्छे आचरण वाले 156 कैदियों को रिहा किया था. यह रिहाई जेल विभाग की नीति और कैदियों के व्यवहार के आधार पर की गई थी. बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत सजा काट रहे कैदियों को उस समय भी कोई राहत नहीं दी गई थी.
हर साल स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और अंबेडकर जयंती जैसे अवसरों पर अच्छे आचरण वाले कैदियों को रिहा किया जाता है. रिहाई से पहले उन्हें जेल में ट्रेनिंग भी दिया जाता है ताकि वे बाहर जाकर एक सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकें. सरकार का यह कदम सुधार की दिशा में एक सकारात्मक पहल है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
