देश आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. कर्तव्य पथ पर परेड, शहरों में तिरंगा और उत्सव का माहौल है, लेकिन इसी बीच मौसम भी पूरे उत्तर और मध्य भारत में अपनी अलग परीक्षा लेता नजर आ रहा है. कहीं धूप राहत दे रही है तो कहीं कोहरा, ठंडी हवाएं और बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं. पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बुंदेलखंड और प्रयागराज तक मौसम में साफ बदलाव देखा जा रहा है.
Delhi Weather: परेड में धूप, शाम से बदलेगा खेल
राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी की सुबह हल्के से मध्यम कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई. न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह-सुबह बाहर निकलने वालों को सर्दी का जोरदार एहसास हुआ. हालांकि कर्तव्य पथ पर परेड के समय मौसम ने राहत दी. सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आसमान आंशिक रूप से साफ रहा और धूप निकलने से तापमान 19 से 22 डिग्री तक पहुंच गया.
लेकिन राहत ज्यादा देर की नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक शाम ढलते ही बादल बढ़ेंगे और रात से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 27 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया गया है, बारिश और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
Prayagraj: गणतंत्र दिवस पर धूप का साथ
प्रयागराज में गणतंत्र दिवस का मौसम काफी हद तक अनुकूल बना हुआ है. सुबह 6 से 10 बजे के बीच हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन यह जल्दी छंट जाएगा. दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रहेगा. यहां न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हवाएं हल्की रहेंगी और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, जिससे संगम घाट और कार्यक्रमों में लोगों को खास दिक्कत नहीं होगी.
Bundelkhand: ठंड बढ़ी, किसानों को फायदा
बुंदेलखंड क्षेत्र में मौसम ने फिर करवट ली है. झांसी, ललितपुर, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा और बांदा जैसे जिलों में ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है. झांसी में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 10 डिग्री रह सकता है, जबकि चित्रकूट में सबसे ज्यादा ठंड महसूस होगी, जहां पारा 9 डिग्री तक गिर सकता है.
हालांकि यह मौसम किसानों के लिए राहत लेकर आया है. कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक हल्की धूप और ठंड रबी फसलों के लिए अनुकूल मानी जा रही है.
UP Weather: बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई इलाकों में बारिश हो चुकी है, जिससे ठंड और गलन बढ़ गई है. IMD के अनुसार 27 और 28 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही कुछ इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है.
MP Weather: दो दिन बारिश, फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड
मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर साफ नजर आ रहा है. 27 और 28 जनवरी को भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, जबलपुर समेत 20 से ज्यादा जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. ग्वालियर-चंबल संभाग में पहले ही बादल और हल्की बारिश देखने को मिल चुकी है.
हालांकि अगले दो दिन तक तेज शीतलहर नहीं चलेगी, लेकिन जनवरी के आखिरी दिनों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने के संकेत हैं. फिलहाल मंदसौर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें: Republic Day 1950 से 2026 तक: सादगी, संघर्ष और संविधान से शक्ति, तकनीक और आत्मनिर्भरता तक का सफर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



