Bharat Express DD Free Dish

Rudrastra: 7 इंजन और 345 वैगन, भारतीय रेलवे ने चलाई 4.5 किमी लंबी मालगाड़ी, एशिया की सबसे लंबी रेल का बना रिकॉर्ड

DRM मीणा ने कहा, “यह (Rudrastra Train) एक नया प्रयोग है, जिससे माल ट्रांसपोर्टेशन और लोडिंग में तेज़ी आएगी. इससे न केवल संसाधनों की बचत होगी, बल्कि समय की भी बचत होगी, जिससे भारतीय रेलवे को लाभ होगा.”

Rudrastra

भारतीय रेलवे ने एशिया की सबसे लंबी ट्रेन चलाकर नया रिकॉर्ड बनाया है. रेलवे ने सात इंजनों से चलने वाली 345 वैगनों वाली अपनी अब तक की सबसे लंबी मालगाड़ी चलाई है. साथ ही यह एशिया की भी सबसे लंबी मालगाड़ी बन गई है.

पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल (DDU) ने छह बॉक्स रेकों को जोड़कर 4.5 किलोमीटर लंबी ट्रेन ‘रुद्रस्त्र’ (Rudrastra) बनाई. ट्रेन ने 40 किलोमीटर की स्पीड  से पांच घंटे में 200 किलोमीटर की दूरी तय की. इसे गंजख्वाजा स्टेशन से गढ़वा रोड स्टेशन तक चलाया गया.

पूर्व मध्य रेलवे में पांच मंडल हैं – डीडीयू, धनबाद, दानापुर, समस्तीपुर और सोनपुर.

पीटीआई ने बताया, “गुरुवार (7 अगस्त) को चंदौली के गंजख्वाजा रेलवे स्टेशन से झारखंड के गढ़वा तक ट्रायल रन किया गया, जिसमें 40.50 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से 5 घंटे 10 मिनट में 209 किलोमीटर की दूरी तय की गई.”  यह भारतीय रेलवे की अब तक की सबसे लंबी मालगाड़ी थी.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर ट्रायल रन का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “‘रुद्रस्त्र’ – भारत की सबसे लंबी मालगाड़ी (4.5 किलोमीटर लंबी).”

हर 59 बोगियों के बाद लगाए गए एक इंजन

मंडल रेल प्रबंधक (DRM) उदय सिंह मीणा के अनुसार, माल की तेज़ी से लोडिंग और ट्रांसपोर्टेशन के लिए डीडीयू मंडल से धनबाद मंडल तक मालगाड़ियां भेजी जाएंगी. DRM मीणा ने कहा, “यह एक नया प्रयोग है, जिससे माल ट्रांसपोर्टेशन और लोडिंग में तेज़ी आएगी. इससे न केवल संसाधनों की बचत होगी, बल्कि समय की भी बचत होगी, जिससे भारतीय रेलवे को लाभ होगा.”

रुद्रस्त्र को तीन लंबी दूरी (प्रत्येक में दो मालगाड़ियां) के रैक जोड़कर तैयार किया गया था. इसमें कुल 345 वैगन शामिल थे, जिनमें से एक वैगन में 72 टन माल लदा हुआ था.

डीआरएम मीणा ने बताया, “प्रत्येक 59 बोगियों के बाद दो इंजन आगे और प्रत्येक रैक के साथ एक इंजन लगाया गया था. कुल मिलाकर, सात इंजनों का इस्तेमाल किया गया. एक रैक में 59 बोगियां थीं. एक तरह से पांच मालगाड़ियां एक के बाद एक पंक्ति में खड़ी थीं, जिनमें पहली मालगाड़ी में दो इंजन थे.”

दुनिया की सबसे लंबी मालगाड़ी

दुनिया में अब तक की सबसे लंबी मालगाड़ी 7.353 किमी (24,123 फीट 11.61 इंच) लंबी रही है. इसमें 682 अयस्क डिब्बे थे जिन्हें 8 शक्तिशाली डीजल-इलेक्ट्रिक इंजनों द्वारा चलाया जाता था. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, इसे ऑस्ट्रेलिया में बीएचपी आयरन ओर द्वारा असेंबल किया गया था.

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की वेबसाइट के अनुसार, “ट्रेन ने 21 जून 2001 को कंपनी की न्यूमैन और यंदी खदानों से पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के पोर्ट हेडलैंड तक 275 किलोमीटर की यात्रा की. यह ट्रेन अब तक की सबसे भारी ट्रेन भी थी, जिसका वजन 99,732.1 मीट्रिक टन था. इसमें 5,648 पहिए थे.”


ये भी पढ़ें: Top 10 Expensive Cities In India: देश के टॉप-10 महंगे शहरों में आया लखनऊ, जानिए कौन-से हैं सबसे महंगे शहर


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest