Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, सीएम योगी का एक्शन प्लान लागू, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने दी ये बड़ी जानकारी

UP News: भक्त आराम से रामलला के दर्शन कर सकें. इसके लिए बैरिकेडिंग की गई है और 4 पंक्तियां बनाई गई हैं. आज कहीं भी जाम नहीं है. भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है.

ram mandir-,

फोटो-सोशल मीडिया

Ayodhya Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही रामलला की एक झलक पाने के लिए राम भक्त लगातार अयोध्या की ओर बढ़े जा रहे हैं. तो वहीं लाखों भक्त मंदिर के पास ही कई दिनों से जमे हुए हैं. कड़ाके की ठंड में छोटे-छोटे बच्चों के साथ घंटों खड़े भक्त अपने रामलला का दर्शन पाने के लिए आतुर दिखाई दे रहे हैं. भीड़ के वायरल वीडियो में धक्का-मुक्की और भक्तों के एक-दूसरे पर गिरने का सीन भी सामने आया है. इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में व्यवस्था की खुद कमान सम्भाल ली है और सभी को आराम से रामलला के दर्शन हो सकें, इसके लिए उनके निर्देश पर एक्शन प्लान लागू किया गया है. इस तरह से अब श्रद्धालु अलग-अलग लाइन लगाकर दर्शन करने के लिए मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं. बता दें कि कल 4.5 लाख भक्तों ने रामलला के दर्शन किए थे तो वहीं सीएम ने भी हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था औऱ पब्लिक एड्रेस सिस्टम से श्रद्धालुओं को संबोधित कर धैर्य बनाए रखने की अपील की थी. इसी के साथ कहा था कि सभी को दर्शन मिलेंगे. सभी धैर्य बनाए रखें.

तो वहीं श्रद्धालुओं के दर्शन को लेकर यूपी के प्रमुख सचिव, गृह, संजय प्रसाद ने मीडिया को जानकारी दी कि, “कल करीब चार-साढ़े चाल लाख श्रद्धालुओं ने भगवान राम के दर्शन किए हैं. आज सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन कर रहे हैं. संख्या का अनुमान शाम तक आ सकेगा.” इसी के साथ उन्होंने बताया कि, कल की भीड़ को देखते हुए सीएम योगी के निर्देश पर यहां व्यवस्था की गई है. अब लोग लाइन लगाकर आराम से दर्शन कर रहे हैं. उन्होंने बैठक की थी और इन लंबी कतारों से कैसे छुटकारा पाया जाए, इस पर रणनीति बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बात की. इसके बाद बैरिकेडिंग की गई है और 4 पंक्तियां बनाई गई हैं. उन्होंने आगे कहा कि, भक्तों को आज किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ रहा है. सभी आराम से दर्शन कर पा रहे हैं. आज कहीं भी जाम नहीं है. भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है.

ये भी पढ़ें- Ayodhya: जानें कहां है रामलला की वह मूर्ति, जिसका राम मंदिर के लिए नहीं हुआ चयन….देखें कहां गई है रखी

सीएम ने राम भक्तों को किया सम्बोधित

मालूम हो कि मीडिया के माध्यम से सीएम को मंगलवार को जानकारी मिली की अयोध्या में भारी संख्या में भक्त उमड़ पड़े हैं और अव्यवस्था हो गई है. इस पर उन्होंने तत्काल प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार को रामनगरी में व्यवस्था को सुचारू करने का निर्देश दिया और इसी के साथ ही दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार और एसएसपी राजकरण नय्यर से भीड़ नियंत्रण के उपायों पर मंत्रणा कर आनन-फानन में उन्हें प्रभावी कराया. इसके बाद शाम सवा चार बजे के करीब खुद सीएम योगी ने भी रामनगरी का हवाई सर्वेक्षण किया और इसी के साथ ही रामजन्मभूमि पथ और राम पथ पर मौजूद भीड़ का आंकलन किया. इसके बाद उनका हेलीकाप्टर साकेत कॉलेज में बनाए गए हेलीपैड पर उतारा गया. सीएम यहां से सीधे राम मंदिर परिसर पहुंचे और श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए प्रभावी की गई व्यवस्था की जांच की. इसी के साथ ही प्रमुख सचिव गृह और डीजी एलओ से भी इस बारे में रिपोर्ट ली फिर सभी रामभक्तों को बिना किसी अवरोध व व्यवधान के सुव्यवस्थित दर्शन कराने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से रामभक्तों को संबोधित किया.

भक्तों का किया स्वागत

सीएम योगी ने भक्तों को सम्बोधित करते हुए कहा कि, रामलला के दर्शन के लिए यहां आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत है. आप सभी धैर्य और संयम बनाए रखें. कोई भी हड़बड़ाए न, धक्का-मुक्की न करें. लाइन में लगकर प्रशासन और पुलिस के अनुरोध को स्वीकार करते हुए अपनी बारी का इंतजार करें. सभी को दर्शन मिलेगा. इसके लिए प्रशासन ने सभी व्यवस्था कर रखी है. बता दें कि सीएम के इस संबोधन को एड्रेस सिस्टम के माध्यम से बार-बार अयोध्या में प्रसारित किया जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital