Bharat Express DD Free Dish

शाहदरा STF की बड़ी कार्रवाई, GTB अस्पताल के पास ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 113 ग्राम स्मैक बरामद, सप्लाई चेन की जांच जारी

शाहदरा जिले की स्पेशल टास्क फोर्स ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 113 ग्राम स्मैक बरामद की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया. पुलिस सप्लाई चेन की जांच में जुटी.

drug smugglers

सांकेतिक फोटो (Pixabay)

शाहदरा जिले की स्पेशल टास्क फोर्स ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से स्मैक बरामद की गई है.

4 मार्च 2025 को शाहदरा एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि जीटीबी अस्पताल के सामने सर्विस लेन के पास स्मैक की तस्करी होने वाली है. सूचना की पुष्टि के बाद एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें एसआई जीतपाल, एएसआई सुनील कुमार, एएसआई अमित, हेड कांस्टेबल रवि, हेड कांस्टेबल सचिन, हेड कांस्टेबल नितिन, हेड कांस्टेबल अर्चना और हेड कांस्टेबल अनुज शामिल थे. ऑपरेशन की निगरानी एसीपी ऑपरेशन शाहदरा गुरुदेव सिंह और डीसीपी शाहदरा द्वारा की गई.

टीम ने रोड नंबर 64, सी-ब्लॉक, दिलशाद गार्डन के पास जाल बिछाया. 5 मार्च 2025 को तड़के 2 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति जीटीबी अस्पताल के सामने सर्विस लेन पर पहुंचा. मुखबिर की पहचान के आधार पर एसटीएफ ने उसे तुरंत दबोच लिया.

पूछताछ में आरोपी की पहचान विकास उर्फ विक्की, उम्र 30 वर्ष, निवासी खजूरी खास, दिल्ली के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से 8 ग्राम स्मैक बरामद हुई. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सीमापुरी निवासी एक महिला किरण से स्मैक खरीदता था. उसकी निशानदेही पर एसटीएफ टीम ने किरण के घर पर छापा मारा, जहां से 105 ग्राम स्मैक और बरामद हुई.

इस मामले में पीएस जीटीबी एन्क्लेव, दिल्ली में एफआईआर संख्या 73/25, दिनांक 5 मार्च 2025, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसटीएफ अब इस सप्लाई चेन के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच कर रही है.

कुल 113 ग्राम स्मैक बरामद हुई है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके.


ये भी पढ़ें- NIA की बड़ी कार्रवाई, छत्तीसगढ़ में सेना के जवान की हत्या मामले में माओवादी संगठन के 4 ओवरग्राउंड वर्कर्स गिरफ्तार


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read