Bharat Express DD Free Dish

शहडोल में दर्दनाक हादसा! टीकाकरण के बाद बिगड़ी हालत, 3 माह के शिशु की मौत से हड़कंप

MP News: शहडोल में टीकाकरण के दो दिन बाद तीन माह के मासूम की मौत. स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटा, परिजनों ने उठाए सवाल.

MP News Shahdol

रिपोर्ट- अनिल


MP News: शहडोल जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है. जयसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चरहेट में टीकाकरण के महज दो दिन बाद एक तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

टीकाकरण से हुई मृत्यु?

मृतक शिशु की पहचान शुभ मौर्य (उम्र 3 माह) के रूप में हुई है, जो ग्राम चरहेट निवासी विनोद मौर्य का पुत्र था. परिजनों के मुताबिक, बच्चे को स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित टीकाकरण अभियान के तहत टीके लगाए गए थे. टीकाकरण के अगले दिन से ही मासूम की तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चे को तेज बुखार और असहजता महसूस हो रही थी.

परिजन बच्चे को इलाज के लिए लेकर जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि टीकाकरण के दूसरे दिन मासूम की मौत हो गई. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक और भय का माहौल बन गया है.


ये भी पढ़ें: रोहतास में खूनी पंचायत! जमीन विवाद में दो प्रॉपर्टी डीलरों को मारीं 10 गोलियां, डबल मर्डर से इलाके में मची सनसनी


घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक कर्मचारी हरकत में आ गए. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

लोगों ने उठाए सवाल

वहीं, ग्रामीणों और परिजनों ने टीकाकरण के बाद निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि यदि समय पर सही इलाज और मार्गदर्शन मिलता, तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी. अब सबकी नजरें स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं. देखना होगा कि क्या यह मौत टीकाकरण से जुड़ी किसी लापरवाही का नतीजा है या किसी अन्य कारण से हुई, और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read