Bharat Express DD Free Dish

क्यों सुलग रहा है साउथ? आग लगी..चले पत्थर..; शिवाजी जयंती पर जबलपुर के बाद कर्नाटक-हैदराबाद में तनाव

जबलपुर, बागलकोट और हैदराबाद में शिवाजी जयंती जुलूसों के दौरान नमाज के समय टकराव से सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी. पुलिस ने सभी जगहों पर हालात काबू में किए, किसी बड़ी हिंसा की सूचना नहीं है..

communal tension in Shivaji Jayanti: देश के तीन राज्यों में अलग-अलग जगहों से सांप्रदायिक तनाव की खबरें सामने आ रही हैं. मध्य प्रदेश के जबलपुर से लेकर कर्नाटक के बागलकोट और हैदराबाद तक शिवाजी जयंती के जुलूसों और धार्मिक आयोजनों के दौरान धार्मिक विवाद भड़क उठे हैं. हालांकि अभी तक इन घटनाओं में कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई, लेकिन साउथ समेत पूरे देश में तनाव का माहौल बन गया है. प्राप्त जानकारी के मुतबिक, पुलिस ने सभी जगहों पर स्थिति को काबू में कर लिया है.

जबलपुर में दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील के वार्ड क्रमांक 5 आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर परिसर में कथित तोड़फोड़ की घटना से तनाव फैल गया. दरअसल रात करीब 9 बजे दुर्गा मंदिर में शयन आरती चल रही थी, उसी समय सामने वाली मस्जिद में अजान का स्पीकर बज रहा था. किसी बात को लेकर दोनों समुदाय के युवकों में कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट और पथराव तक पहुंच गई.

मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि एक समुदाय विशेष के युवक मंदिर परिसर में घुसकर हिंदू युवक से मारपीट की और मंदिर की स्टील ग्रिल को क्षतिग्रस्त कर दिया. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को शांत कराया और इलाके में भारी बल तैनात किया है.

संबंधित खबर: जबलपुर बना छावनी: आरती के दौरान तोड़फोड़, मंदिर-मस्जिद के पास विवाद, छतों से पत्थरबाजी; कर्फ्यू जैसे हालात

कर्नाटक के बागलकोट में क्या हुआ?

कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी जयंती यात्रा के दौरान मस्जिद के सामने से गुजरते समय विवाद हो गया. हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मस्जिद से एक पत्थर उड़कर आया. इससे जुलूस में कुछ देर के लिए हंगामा हुआ. पुलिस ने दोनों तरफ से इकट्ठा हुए लोगों को तुरंत हटा दिया और स्थिति नियंत्रण में ले ली. हालांकि इस घटना में अभी तक किसी बड़े नुकसान या चोट की खबर नहीं है. पुलिस ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और जांच शुरू कर दी है.

हैदराबाद में शिवाजी जयंती के जुलूस में हंगामा

हैदराबाद के अंबरपेट में मस्जिद के पास शिवाजी जयंती का जुलूस गुजर रहा था. उसी वक्त मस्जिद में रमजान की नमाज चल रही थी. जुलूस के दौरान तेज संगीत और नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई. विवाद बढ़ने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटा दिया. कुछ ही देर में हालात सामान्य हो गए. किसी नुकसान या हिंसा की जानकारी नहीं है. एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात है. पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है.

अचानक सांप्रदायिक टकराव क्यों?

दरअसल ये तीनों घटनाएं शिवाजी जयंती के जुलूसों और रमजान के दौरान होने वाली नमाज के समय टकराव से जुड़ी हैं. जहां जुलूस तेज संगीत और नारेबाजी के साथ गुजर रहे थे, वहीं मस्जिदों में नमाज चल रही थी. इस दौरान कोई भी छोटी-छोटी बातों से विवाद ने जन्म ले लिया.

बता दें कि पुलिस ने सभी जगहों पर त्वरित कार्रवाई कर स्थिति काबू में ली, लेकिन इन घटनाओं ने सांप्रदायिक संवेदनशीलता को फिर उजागर कर दिया है. प्रशासन को अब ऐसे आयोजनों के दौरान पहले से सतर्कता बरतनी होगी ताकि छोटे विवाद बड़े तनाव में न बदलें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read