देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है. विपक्ष ने SIR के चलते हो रही बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की मौतों को लेकर सरकार को घेरा है. अब यह हंगामा संसद तक पहुंच गया है. दो दिन से चल रहे शीतकालीन सत्र (Parliament Winter Session) में विपक्ष ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा मचाया हुआ है. आज (2 दिसंबर) को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने SIR पर चर्चा के लिए विपक्ष की मांग को स्वीकारा है.
SIR पर राज्यसभा में होगी चर्चा
मंगलवार (2 दिसंबर) को राज्यसभा में हंगामे के बीच नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने कहा “लोग मर रहे हैं, इसके बावजूद एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया तेजी से जारी है. लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस पर तुरंत चर्चा होनी चाहिए.” खरगे ने यह भी कहा, “मैं चाहता हूं कि इस पर अभी चर्चा हो. यह नागरिकों, देश और लोकतंत्र के हित में है.”
इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि वह इसे लेकर विपक्षी पार्टियों के नेताओं से चर्चा करेंगे, लेकिन इसके लिए विपक्ष समयसीमा तय नहीं कर सकता.
विपक्ष समयसीमा तय ना करें- किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा,
संसदीय लोकतंत्र में हमें चर्चा करनी चाहिए. देश में कई अहम मुद्दे हैं, लेकिन आप एक मुद्दे के लिए बाकी को कमतर नहीं आंक सकते. सभी मुद्दे अहम हैं. हम भी चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन आपको पहले सलाह मशविरा तो करना चाहिए. आप समयसीमा तय कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सरकार को अभी बताना चाहिए, ये ठीक नहीं है.
विपक्ष पर तंज कसते हुए रिजिजू ने कहा, “आप चुनाव जीत नहीं पा रहे हैं, लोगों को आप पर विश्वास नहीं है और अपना गुस्सा संसद में निकाल रहे हैं. ये ठीक नहीं है.”
वंदे मातरम पर चार्चा की तारीख तय
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा बुलाई गई कार्य मंत्रणा समिति (BAC) की बैठक में मंगलवार (2 दिसंबर) को यह फैसला लिया गया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की रचना के 150 साल पूरा होने पर सदन में अगले सप्ताह चर्चा होगी. BAC की बैठक में यह तय हुआ कि आगामी सोमवार (8 दिसंबर 2025) को सदन में वंदे मातरम पर चर्चा होगी, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





