Bharat Express DD Free Dish

सिवान में खूनी खेल से इलाके में दहशत, मामूली सड़क विवाद ने ली बीजेपी नेता के भांजे की जान

Bihar News: सिवान में बुधवार शाम रोड रेज की घटना ने हिंसक रूप ले लिया. गोलीबारी में बीजेपी नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार सिंह की मौत हो गई.

Bihar News: सिवान में बुधवार शाम एक सड़क विवाद ने पूरे शहर को दहला दिया. टाउन थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर अंदर ढाला ओवरब्रिज के पास हुई इस घटना में गोलीबारी के दौरान बीजेपी नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके पिता चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.

कब हुआ विवाद?

पुलिस के अनुसार, चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. रास्ते में परिजनों का इंतजार करते समय उनकी गाड़ी की दूसरी कार से हल्की टक्कर हो गई. इसी मामूली घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.

गोलीबारी से मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की बौछार में हर्ष कुमार सिंह मौके पर ही ढेर हो गए. चंदन सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए. उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर पटना मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

इलाके में फैली दहशत

गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई. लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद औपचारिक एफआईआर दर्ज की जाएगी.

ये भी पढ़ें-बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ तिहरे हत्या कांड का आरोपी, केक लगाने पर की थी हत्या

इस घटना ने सिवान में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read