Telangana Chemical Factory Explosion: तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया. इसके साथ ही केंद्र सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में हुई दुखद आग दुर्घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”
Deeply saddened by the tragic fire accident at a factory in Sangareddy, Telangana, which claimed several lives. My heartfelt condolences to the bereaved families. I pray for the speedy recovery of those injured.
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 30, 2025
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में बताया, “तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.”
हैदराबाद के पास हुआ जोरदार विस्फोट
हैदराबाद के पाशमैलारम में स्थित एक औद्योगिक इकाई में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें करीब 10 मजदूरों के मारे जाने की आशंका है और 20 अन्य घायल हुए हैं. बताया जा रहा है यह हादसा करीब 9 बजे संगारेड्डी जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुआ.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी दुख जताया
इससे पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने संगारेड्डी जिले के पाशमैलारम औद्योगिक क्षेत्र में एक रासायनिक कारखाने में हुई घटना के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने राहत कार्यों को तेज करने के आदेश दिए. उन्होंने दुर्घटना में फंसे मजदूरों को बचाने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.”
यह भी पढ़िए: जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान श्री गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़, तीन लोगों की मौत, कई घायल
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





