Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आगे नाक रगड़ने वाले बुलडोजर नहीं चला सकते: CM योगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुलडोजर एक्शन को लेकर बयान दिया था. जिस पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है.

Vikash Jha Edited by Vikash Jha

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रयागराज के फूलपुर स्थित इफको परिसर के केंद्रीय विद्यालय में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण वितरण मेले में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो टीपू आज सुल्तान बनने का ख्वाब देख रहे हैं, वह माफिया के सामने नाक रगड़ते हैं. इन्होंने माफिया को गले का हार बनाकर प्रयागराज के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था. लेकिन, आज सिर उठाने वाले माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा. बुलडोजर चलाने के लिए हिम्मत चाहिए. माफियाओं, दंगाइयों व अपराधियों के सामने नाक रगड़ने वाले क्या बुलडोजर चलाएंगे, इसके लिए हिम्मत चाहिए. इन्हें तो बुलडोजर देखते ही हार्ट अटैक आ जाएगा.

प्रदेश में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से 40,000 युवाओं को जल्द नियुक्ति देने और अन्य सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को भी जल्द किए जाने का सीएम योगी ने जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह साल हमारे लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि जनवरी में महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है. प्रयागराज वैश्विक मंच पर फिर से अमिट छाप छोड़ेगा. जो प्रयागराज क्षेत्र वैदिक सनातनियों का केंद्र रहा है, उसके सामने पहचान का संकट किसने खड़ा किया था. ये काम जाति के नाम पर लड़ाने वाले लोगों ने किया था.

सीएम योगी ने आगे कहा कि कुंभ तो आपने 2013 में भी देखा होगा और 2019 में कुंभ का आयोजन भी देखा होगा. 2013 में जो भी कुंभ में आया, वह यह सोचकर गया होगा कि आगे से यहां नहीं आना है. मगर, 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमने दुनिया को बता दिया कि कुंभ कैसे होता है. कुंभ सुरक्षा, सेवा और व्यवस्था का एक मॉडल होता है, जिसे हमने स्थापित किया. प्रयागराज का सम्मान दुनिया के अंदर बढ़ा. उसी सम्मान को बहाल करने के लिए हम एक बार फिर आपके सामने आए हैं.

सीएम योगी ने इस बात पर जोर देकर कहा कि आपके सामने पहचान का संकट चाचा और भतीजा की वसूली से उत्पन्न हुआ. इनके द्वारा एरिया बांट दिया जाता था, कहीं चाचा जाते थे तो कहीं भतीजा. ये महाभारत के रिश्ते वसूली की रकम लूटने के लिए एकसाथ टूट पड़ते थे और चाचा को धक्का दे दिया जाता था. मगर, अब ऐसा नहीं हो सकता. यूपी में कोई वसूली नहीं कर सकता.

सीएम योगी ने आगे कहा कि हम तो तय करके आए थे कि जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे हम जेल में भेजेंगे, संपत्ति को जब्त करेंगे और सभी अवैध कब्जों को मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास व महिला संरक्षण गृह भी बनाएंगे. दंगा करने की कीमत क्या होती है, यह दंगाइयों को हम अच्छे से बता देंगे. जब पोस्टर टांगकर सात पीढ़ियों तक वसूली होगी तो अच्छे-अच्छे सुधर जाएंगे. माफिया समाज का कोढ़ है, इसे समाज से निकाला नहीं जाए तो हमेशा ये आपका वर्तमान और भविष्य खराब करते रहेंगे.

बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुलडोजर एक्शन को लेकर बयान दिया था कि 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद राज्य के सभी बुलडोजर का रुख गोरखपुर की तरफ होगा. सपा प्रमुख का यह बयान बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद आया. इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया.

ये भी पढ़ें- अखिलेश के बयान पर डॉ. राजेश्वर सिंह का करारा पलटवार, बोले- बुल्डोजर एक्शन पर सपा प्रमुख की बौखलाहट स्वाभाविक है, क्योंकि…

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital