TMC rebellion: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बगावत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. पहले विधायकों ने पार्टी नेतृत्व से दूरी बनाई और अब बड़ी संख्या में सांसद भी बागी हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक 19 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को हस्ताक्षरित पत्र सौंपा है. इस लिस्ट में अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान जैसे नाम शामिल हैं.
राजनीतिक हलचल तेज
टीएमसी के लोकसभा में कुल 28 सांसद हैं. ऐसे में अगर 19 सांसदों का दावा सही साबित होता है तो यह पार्टी के लिए बड़ा झटका होगा. फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर हैं कि ममता बनर्जी और पार्टी नेतृत्व इस घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाते हैं.
बागी सांसदों की लिस्ट
सूत्रों के अनुसार बागी सांसदों में काकोली घोष, जगदीश चंद्र बसुनिया, खलीलुर रहमान, यूसुफ पठान, अबू ताहिर खान, पार्थ भौमिक, बापी हलदार, सायोनी घोष, माला रॉय, मिताली बाग, दीपक अधिकारी, कालीपद सोरेन, जून मालिया, अरूप चक्रवर्ती, डॉ. शर्मिला सरकार, शत्रुघ्न सिन्हा, असित कुमार माल, शताब्दी रॉय और रचना बनर्जी शामिल हैं.
एनडीए को समर्थन की योजना
सूत्रों का कहना है कि बागी सांसद फिलहाल टीएमसी से इस्तीफा नहीं देंगे और न ही सीधे बीजेपी में शामिल होंगे. वे एनडीए को समर्थन देने वाले एक अलग गुट के रूप में काम करने की योजना बना रहे हैं. यह कदम दलबदल विरोधी कानून से बचने के लिए उठाया गया है.
स्पीकर को सूचना
काकोली घोष के नेतृत्व में बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को अलग संसदीय गुट बनाने की जानकारी दी है. बताया जा रहा है कि काकोली घोष लोकसभा में टीएमसी की चीफ व्हिप हैं और यही दावा संसद में कानूनी लड़ाई का अहम मुद्दा बन सकता है.
ममता बनर्जी के साथ खड़े सांसद
टीएमसी के कुछ सांसद अब भी ममता बनर्जी के साथ हैं. इनमें महुआ मोइत्रा, सौगात रॉय, प्रतिमा मंडल, अभिषेक बनर्जी, सुदीप बंदोपाध्याय, प्रसून बनर्जी, सजदा अहमद, कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद शामिल हैं.
पार्टी का सबसे बड़ा संकट
पश्चिम बंगाल विधानसभा से शुरू हुई बगावत अब पार्टी के अस्तित्व की लड़ाई में बदल गई है. एक तरफ ममता बनर्जी का गुट दिल्ली में राजनीतिक विकल्प तलाश रहा है, तो दूसरी तरफ बागी खेमा संगठन और बहुमत के दम पर खुद को असली टीएमसी साबित करने में जुटा है.
राज्यसभा में भी इस्तीफे
टीएमसी की राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी और संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपने फैसले को व्यक्तिगत और राजनीतिक कारणों से जुड़ा बताया. इससे पहले वरिष्ठ सांसद सुखेंदु शेखर राय भी इस्तीफा दे चुके हैं. सूत्रों का कहना है कि सुष्मिता देव बीजेपी में शामिल हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें-‘NDA सरकार आने से बदला देश का भाग्य’: कार्यकाल के 12 साल होने पर दिल्ली के भारत मंडपम में बोले पीएम मोदी
64 विधायकों का दावा
बागी खेमे के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि उनके साथ अब 64 विधायक हैं. उन्होंने कहा कि यह संख्या आगे और बढ़ सकती है और असली टीएमसी वही है, न कि ममता बनर्जी का गुट. उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस में विलय करने का कोई इरादा नहीं है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


