पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Election) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐतिहासिक जीत का असर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखने लगा है. त्रिनिदाद और टोबैगो (T&T) की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस शानदार कामयाबी के लिए न केवल बधाई दी है, बल्कि इसे भारतीय लोकतंत्र की एक बड़ी मिसाल भी बताया है.
‘ये लोकतंत्र की जीत’: कमला प्रसाद
त्रिनिदाद और टोबैगो की पीएम कमला प्रसाद बिसेसर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि उनकी सरकार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को पश्चिम बंगाल में मिली ‘शानदार और ऐतिहासिक’ जीत पर दिल से मुबारकबाद देती है.
उन्होंने अपनी पोस्ट में इस बात पर विशेष जोर दिया कि 10 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में बीजेपी की यह पहली जीत एक बड़ा राजनीतिक मील का पत्थर है. उन्होंने कहा, ‘भारत आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में गर्व से खड़ा है. पीएम मोदी के शांत, अनुशासित और मजबूत नेतृत्व ने न केवल भारत में, बल्कि वैश्विक स्तर पर लोगों का भरोसा जीता है.’
जयशंकर के दौरे का बेसब्री से इंतजार
बधाई संदेश के साथ-साथ कमला प्रसाद ने एक और अहम जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि त्रिनिदाद और टोबैगो की सरकार इसी हफ्ते भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के आधिकारिक दौरे का इंतजार कर रही है. दोनों देशों के बीच पुरानी और गहरी साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की प्रतिबद्धता पर टिकी है. जयशंकर की यह यात्रा व्यापार, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने वाली मानी जा रही है.
S. Jaishankar ने जताया आभार
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए त्रिनिदाद और टोबैगो की पीएम को धन्यवाद कहा. उन्होंने लिखा, ‘आपकी गर्मजोशी भरी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. जल्द ही आपके देश आने और भारत-टीएंडटी संबंधों को और मजबूत करने के लिए आपके साथ काम करने का इंतजार रहेगा.’
ये भी पढ़ें: भारत-वियतनाम समझौता: 2030 तक 25 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य, डिजिटल भुगतान और ऊर्जा सहयोग पर जोर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

