महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा खुलासा हुआ है. शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत और एनसीपी (शरद पवार गुट) प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने दावा किया है कि विधानसभा चुनावों से पहले उन्हें दो लोगों ने संपर्क कर ‘EVM मैनेजमेंट’ के जरिए जीत की गारंटी देने का प्रस्ताव दिया था. लेकिन दोनों नेताओं ने इसे सिरे से खारिज कर दिया.
संजय राउत ने क्या बोला?
संजय राउत (Sanjay Raut) ने रविवार को बताया,
“वह उस बैठक में मौजूद थे, जहां उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने साफ कहा कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं और ऐसे किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेंगे. उन्होंने बताया कि प्रस्ताव में 60-65 सीटों पर जीत की बात कही गई थी लेकिन ठाकरे ने इसे ठुकरा दिया क्योंकि उन्हें राज्य के माहौल को देखते हुए एमवीए की जीत का भरोसा था.”
शरद पवार का बयान
शरद पवार (Sharad Pawar) ने भी शनिवार को इसी तरह का बयान दिया. उन्होंने कहा,
“विधानसभा चुनावों से पहले दो लोगों ने उनसे संपर्क किया और 288 में से 160 सीटों पर जीत की गारंटी दी थी. लेकिन एमवीए ने निष्पक्षता को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया. पवार ने इन दोनों व्यक्तियों के नाम या उनके संगठन का खुलासा नहीं किया.”
क्या है मामला?
गौरतलब है कि महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन, जिसमें कांग्रेस, एनसीपी (शरद गुट) और शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं, ने जून 2024 में हुए लोकसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र की 48 में से 30 सीटें जीती थीं. लेकिन छह महीने बाद हुए विधानसभा चुनावों में उन्हें झटका लगा और वे सिर्फ 50 सीटें ही जीत पाए.
शिवसेना (UBT) के नेताओं का क्या कहना है?
शिवसेना (UBT) के नेताओं का कहना है कि जब उन्होंने EVM मैनेजमेंट का प्रस्ताव ठुकराया तो उन्हें बताया गया कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने एमवीए की हार सुनिश्चित करने के लिए ईवीएम और मतदाता सूची में गड़बड़ी की योजना बनाई थी.
इसे भी पढ़ें-“हम डूबेंगे तो आधी दुनिया को भी ले डूबेंगे…”, अमेरिका की धरती से पाक सेना प्रमुख मुनीर ने दी भारत को गीदड़भभकी
सीएम फडणवीस की प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह राहुल गांधी से मुलाकात का नतीजा लगता है.” उनके बयान ने इस राजनीतिक विवाद को और गर्मा दिया है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
