Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

करनाल पहुंचे केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के निधन पर जताया दुख..परिजनों को दी सांत्वना

केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हम विश्व बंधुत्व की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन जो हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोडेंगे नहीं. मजबूत सुरक्षा सबसे बड़ा विषय है, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा फोकस है.

केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पहलगाम में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए फैसलों की चर्चा करते हुए कहा कि भारत के सख्त कदम का दुनिया भर में समर्थन मिला है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम विश्व बंधुत्व की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन जो हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोडेंगे नहीं. मजबूत सुरक्षा सबसे बड़ा विषय है, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा फोकस है.

केंद्रीय मंत्री गुरुवार को करनाल पहुंचे और कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले के शिकार हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी. परिजनों व विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी की वेदना सुनकर मनोहर लाल की आंखें नम हो गईं.

पाकिस्तानी नागरिक को भारत के लिए कोई वीजा नहीं दिया जाएगा

केंद्रीय ऊर्जा मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना से बेहद आहत हैं और तुरंत अपने विदेश दौरे को रद्द करके भारत लौट आए. कैबिनेट की सिक्योरिटी कमेटी की बैठक हुई है और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए. उन्होंने बताया कि इन निर्णयों में पाकिस्तान हाई कमीशन में रक्षा, सैन्य, वायुसेना और नौसेना सलाहकार अवांछित व्यक्ति घोषित किए. एक सप्ताह में भारत छोड़ना होगा. अटारी बॉर्डर को बंद कर दिया गया है.

इसके अलावा किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को भारत के लिए कोई वीजा नहीं दिया जाएगा, जो पहले ही वीजा पर भारत आए हुए हैं, उन्हें भी 1 मई से पहले भारत छोड़ने के लिए कह दिया गया है. इसके अलावा एक महत्वपूर्ण निर्णय सिंधु जल समझौता को रद्द कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस बात को हल्के में न ले.

 पाकिस्तान को भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर फिर से पाकिस्तान इस प्रकार की किसी गतिविधि का कोई संकेत देता है तो उसे भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा. आज दुनिया के अन्य देश इस मामले में आतंकवाद के खिलाफ हमारे साथ खड़े हैं और इन आतंकवादी घटनाओं को रोकने के लिए भारत को किसी भी प्रकार की कार्रवाई करनी होगी तो जरूर की जाएगी.

उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री व विदेश मंत्री सभी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं. आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सभी पार्टियों की बैठक की जा रही है, सभी पार्टियों के लोगों ने इस घटना की निंदा की है. इस समय देश एक है, मजबूत है और देशवासियों में इस घटना को लेकर रोष है. लेकिन यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश में ही कुछ लोग इस आतंकवादी घटना को धार्मिक रंग भी दे रहे हैं. उन्हें इस बात को समझना चाहिए और ऐसा नहीं करना चाहिए.

पहली बार कश्मीर के लोग आतंकवाद के खिलाफ खड़े हुए

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरतापूर्ण हमला किया है उसकी प्रतिक्रिया में भारत सरकार अपनी रणनीति तय कर रही है. उन्होंने कहा कि पहली बार कश्मीर के लोग आतंकवाद के खिलाफ खड़े हुए हैं, कल कश्मीर में बाजार भी बंद रखे गए थे. आगे से कश्मीर के लोग भी आतंकवाद को सहन नहीं करेंगे.

धारा 370 के बाद कश्मीर शांति के रास्ते पर है और उसी रास्ते पर आगे बढ़ेगा. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सभी एयरलाइंस के साथ बैठक की और उन्हें सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इस समय का गलत फायदा न उठाएं और हवाई यात्रा के किराए में बढ़ोतरी न करें, बल्कि सामान्य किराए पर ही कश्मीर से यात्रियों को वापिस लेकर आएं. कश्मीर से पर्यटकों को वापिस लाने के लिए एयर इंडिया की दो स्पेशल हवाई उड़ानें तय की गई हैं और प्राइवेट एयरलाइंस की भी उड़ाने तय की गई हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital