Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

UP Politics: विपक्ष की कब्जे वाली सीट हासिल करने के लिए BJP ने बनाया मास्टर प्लान, अब इस रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी

Lok Sabha Election-2024: पार्टी सूत्रों की मानें तो चुनावी तैयारी को लेकर 28 अगस्त को लखनऊ में बैठक होगी और हारी सीटों को जीतने के लिए मंथन होगा. 

BJP

सांकेतिक फोटो

UP Politics: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है. इसी बीच सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने विपक्ष के खेमे में गई सीटों पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. यानी हारी सीटों को लेकर मास्टर प्लान बनाया है और अब तेजी से इस ओर जुट गई है. पार्टी हारी सीट को 2024 लोकसभा चुनाव में जीतने के लिए पिछले दो साल से तैयारी कर रही है. इस मास्टर प्लान के तहत बीजेपी ने 14 सीटों को तीन क्लस्टर में बांट कर प्रत्येक क्लस्टर पर एक केंद्रीय मंत्री को प्रभारी नियुक्त कर दिया है. बता दें कि प्रदेश में दस लोकसभा सीटें बसपा के पास हैं और तीन सीटों पर सपा और मात्र एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है. इस बार भाजपा लोकसभा की सभी 80 सीटों को जीतने की तैयारी लेकर आगे बढ़ रही है.

हारी सीट जीतने के लिए लाभार्थियों को बनाया गया है माध्यम

सूत्रों के मुताबिक बीजेपी यूपी में हारी सीटों पर 2024 में जीत हासिल करने के लिए लाभार्थियों को माध्यम बनाने की रणनीति बना रही है. भाजपा ने हारी 14 लोकसभा सीटों पर केंद्र सरकार की 11 योजनाओं को आधार बनाया है और योजनाओं के प्रत्येक लाभार्थियों से संपर्क और समन्वय कर उनका मत एवं समर्थन प्राप्त करने का मास्टर प्लान बनाया है. प्रत्येक क्लस्टर में दो चरण के संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन पार्टी कर चुकी है. अब तीसरे चरण में पार्टी ने लाभार्थियों से संपर्क को प्रमुख एजेंडा बना लिया है. पार्टी ने प्लान के तहत प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में पांच से सात बूथों पर एक प्रभारी नियुक्त किया है.

ये भी पढ़ें- Politics: “श्रीमान जी जितना फोर्स आप मुझे रोकने के लिए लगाते हो…” चंद्रशेखर आजाद ने सीएम अशोक गहलोत पर साधा निशाना, कांग्रेस पर लगाए तमाम आरोप

पार्टी ने लाभार्थियों को ये बताना शुरू कर दिया है कि जिन योजनाओं का लाभ उनको मिल रहा है, वह तभी जारी रहेगा, जब मोदी सरकार फिर से बनेगी. यानी पार्टी ने पीएम आवास योजना, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना,स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन वितरण योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार कर ली है और इस सूची को प्रभारी को सौंप दिया गया है. तो वहीं प्रभारी और उनके नेतृत्व में बूथ कमेटी इन योजनाओं को प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से लगातार संपर्क कर रही है और उनके साथ समन्वय स्थापित कर उक्त योजनाओं का लाभ बता रही है.

28 अगस्त को होगी लखनऊ में बैठक

पार्टी सूत्रों की मानें तो चुनावी तैयारी को लेकर 28 अगस्त को लखनऊ में बैठक होगी और हारी सीटों को जीतने के लिए मंथन होगा. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ ही पार्टी के अन्य नेता इस बैठक में हिस्सा ले सकते हैं.

अलग से चलेगा ये अभियान

इसी के साथ भाजपा मिशन 80 को पूरा करने के लिए सभी लोकसभा क्षेत्रों में मतदाता बढ़ाने के लिए अलग से अभियान चलाएगी. पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश मुख्यालय में सभी जिलाध्यक्षों की बैठक का आयोजन 22 अगस्त को किया गया है और इस मौके पर अभियान के तहत बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा से जुड़े मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाने की रणनीति तैयार की जाएगी. बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटें जीतने के साथ ही कुल मतदान का 60 प्रतिशत मत अपनी झोली में प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है और इसे पूरा करने के लिए अपनी पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है. पार्टी नेतृत्व का ये मानना है कि 80 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मतदाताओं की संख्या बढ़ाना अति जरूरी है.

शुरू होगा पुनरीक्षण कार्यक्रम

सूत्रों की माने तो आने वाले दिनों में जल्द ही भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो जाएगा. ऐसे में भाजपा के बूथ कमेटी के सदस्य बीएलओ के साथ क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या बढ़ाने को लेकर मतदाता पुनरीक्षण अभियान में साथ काम करेंगे. इसको लेकर मंगलवार बैठक होने जा रही है, जिसमें जिलाध्यक्षों को अभियान की संचालन प्रक्रिया बताई जाएगी. इसी के साथ युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए कहा जाएगा और युवाओं को अपना वोट देने और उनका समर्थन हासिल करने की ओर कार्य किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest