Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

UP Politics: “…खोलेंगे इनके काले चिट्ठे”, भाजपा सांसदों पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने साधा निशाना, बोले-“BJP हमेशा नई नौटंकी का सहारा लेती है”

UP News: स्वामी प्रसाद मौर्य बोले, आज बीजेपी की डबल इंजन की सरकार है. केंद्र और प्रदेश दोनों जगह बीजेपी की सरकार है तो लेखा-जोखा जनता बीजेपी का लेगी.

स्वामी प्रसाद मौर्य

स्वामी प्रसाद मौर्य

UP Politics: हमेशा विवादित बयान देकर चर्चा में बने रहने वाले सपा नेता व एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस बार भाजपा सांसदों पर निशाना साधा है और कहा है कि इनका काला चिट्ठा खोलेंगे. उन्होंने बीजेपी सांसदों के रिपोर्ट कार्ड तैयार करने पर प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया से कहा कि, “बीजेपी के नेताओं ने बहुत ही हवा हवाई वादे किए थे.” वहीं भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर बोले कि, 9 साल की बीजेपी की सरकार में कोई भी वादा इनका पूरा नहीं हुआ. इसी के साथ बोले कि जनता के बीच जाकर इनकी एक-एक पोल खोलेंगे.

झूठे वादे वालों की है पार्टी

स्वामी प्रसाद मोर्य ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, जनता के बीच में अगर हम जाएंगे तो इनके काले चिट्ठे को खोलेंगे और बताएंगे कि यह झूठे वादे वालों की पार्टी है. वादे किए लेकिन काम नहीं किए. इसी के साथ वह बोले कि, “स्वाभाविक रूप से जो आज बीजेपी की असफलताएं हैं वो महंगाई और बेरोजगारी है. इन सभी चीजों को लेकर हम जब जनता के बीच जाएंगे तो एक-एक कर इनकी पोल खुलेगी.”

बीजेपी को करनी चाहिए अपनी चिंता

भाजपा द्वारा सपा के लोगों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कराने वाले बयान को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि, “बीजेपी को तो अपनी चिंता करनी चाहिए. रही बात जो सत्ता में रहता है लेखा-जोखा उसका लिया जाता है.” वह आगे बोले कि, “आज बीजेपी की डबल इंजन की सरकार है. केंद्र और प्रदेश दोनों जगह बीजेपी की सरकार है तो लेखा-जोखा जनता बीजेपी का लेगी. सत्ता पक्ष का लेगी. हम तो विपक्ष में हैं हम तो पहले से खुली किताब हैं.” वह आगे बोले कि, हम क्या हैं हमारी रिपोर्ट जनता के पास है. लगातार भाजपा पर हमलावर स्वामी प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि, “बीजेपी ने किस तरह से जनता की आंख में धूल झोंक कर झूठे वादे कर वोट लिया, विश्वासघात किया है, स्वाभाविक रूप से उनके लेखे जोखे को जनता के सामने रखेंगे.”

ये भी पढ़ें- बालासोर ट्रेन हादसा : ओडिशा सीएम नवीन पटनायक ने घोषित किया एक दिन का राजकीय शोक, नहीं होगा कोई उत्सव

अखिलेश ही पार्टी के अध्यक्ष हैं

मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव के बयान को लेकर कहा कि, “सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं. पार्टी का संचालन भी उन्हीं के निर्देश पर होता है. अब क्योंकि उनके परिवार से पहले से उनके तालुकात हैं. उनकी क्या पीड़ा उसको हरिओम यादव ही जानते होंगे, ऐसा कहीं कुछ नहीं है.” बता दें कि हरिओम यादव ने अपने एक बयान में कहा है कि, अखिलेश सपा में केवल नाम के अध्यक्ष हैं तो वहीं शिवपाल के लिए कहा है कि, उनकी कोई नहीं सुनता.

दुर्भाग्य है कि बेटियां संघर्ष कर रही हैं

स्वामी प्रसाद मौर्य ने पहलवानों के धरना प्रदर्शन पर कहा कि, “जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम में ओलंपिक में किसी ने गोल्ड जीता है, वह होनहार बेटी हैं. जिन्होंने भारत का नाम पूरे देश में रोशन किया. दुर्भाग्य इस बात का है कि बेटियां अपने साथ हुए अन्याय के लिए छह-सात महीने से लगातार संघर्ष कर रही हैं.”

टिफिन पर चर्चा को लेकर कहा, ये ड्रामा है

वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा के टिफिन पर चर्चा को लेकर कहा कि, “कुछ नहीं यह नई नौटंकी का सहारा लेते हैं. जिससे कि जनता के आकर्षण में बने रहें. इसका और कोई मकसद नहीं है. उनके चुनिंदा कार्यकर्ता अपने घर से खाना बनवा कर लाएंगे, बैठक करेंगे और उसको खाएंगे.” इसी के साथ आगे बोले कि, “कार्यक्रम की इस तरह से रूपरेखा यह तैयार करते हैं कि लोगों को उत्सुकता हो कि क्या होगा. कुल मिलाकर के यह ड्रामा है और कुछ नहीं.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital