उत्तर प्रदेश के व्यापार, उद्योग और निर्यात को दुनिया भर में नई पहचान दिलाने के लिए ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो’ (UPITS-2026) का धमाकेदार आगाज 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने जा रहा है. इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का भव्य उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि इसका समापन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा किया जाएगा. आयोजन की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं.
जानिए क्या है ट्रेड शो की खास थीम?
इस वर्ष UPITS-2026 की केंद्रीय थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच…’ रखी गई है. इस थीम के जरिए उत्तर प्रदेश को देश और दुनिया के कारोबारियों, निवेशकों व खरीदारों के सामने एक विशाल ‘ग्लोबल सोर्सिंग हब’ के रूप में पेश किया जा रहा है. आयोजन में प्रदेश की पारंपरिक कला, आधुनिक तकनीक, निर्यात क्षमता और नए उभरते औद्योगिक क्षेत्रों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा.
36,500 वर्ग मीटर में दिखेगा नया यूपी
ट्रेड शो के लिए इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में लगभग 36,500 वर्ग मीटर का विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया गया है. इसमें राज्य के ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP), ‘एक जिला एक व्यंजन’ (ODOC), एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डिफेंस व एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), नवीकरणीय ऊर्जा और फार्मा जैसे तमाम सेक्टर्स अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे. एक ही छत के नीचे पारंपरिक हथकरघा से लेकर हाई-टेक डिफेंस और आईटी तकनीक की झलक देखने को मिलेगी.
अंतरराष्ट्रीय खरीदारों का लगेगा जमावड़ा
यह ट्रेड शो सिर्फ एक औद्योगिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि यूपी के पर्यटन, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का सबसे बड़ा मंच है. आयोजन के माध्यम से प्रदेश के छोटे उद्यमियों और स्थानीय निर्माताओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खरीदारों (B2B और B2C) से सीधे जुड़ने का सुनहरा मौका मिलेगा, जिससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.
यह भी पढ़ें-‘तहसील से लेकर डीएम तक के चक्कर काटे…’, सीएम योगी के आवास के पास टावर पर चढ़ी महिला
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


