Bharat Express DD Free Dish

उरी में दहलाने वाली साजिश नाकाम: घने जंगलों में भारतीय जवानों ने पाकिस्तानी आतंकी को किया ढेर, बरामद हुआ हथियारों का जखीरा

उरी सेक्टर के बुच्छर इलाके में भारतीय सुरक्षाबलों ने ‘ऑपरेशन डिग्गी 2’ के तहत एक बड़ी आतंकी साजिश को कुचल दिया है. 14-15 मार्च की रात हुए इस जॉइंट ऑपरेशन में एक पाकिस्तानी आतंकी मारा गया, जिसके पास से एके-राइफल और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए हैं.

INDIAN ARMY OPERATION Terrorist Encounter in URI

जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसने एक बार फिर सीमा पार बैठे आकाओं की नापाक हरकतों को बेनकाब कर दिया है. जब पूरा देश चैन की नींद सो रहा था, तब हमारी सरहदों पर तैनात जांबाज सिपाही मौत से लोहा ले रहे थे. शनिवार और रविवार की दरमियानी रात (14-15 मार्च 2026) उरी के बुच्छर इलाके में सेना और पुलिस ने एक जॉइंट ऑपरेशन में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया है.

इस पूरे मिशन को ‘ऑपरेशन डिग्गी 2’ नाम दिया गया था, जिसने न केवल आतंकियों के मंसूबों को मिट्टी में मिला दिया, बल्कि भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद कर एक बड़ी तबाही को भी टाल दिया है.

‘ऑपरेशन डिग्गी 2’

दरअसल, जम्मू-कश्मीर पुलिस को अपने गुप्तचरों से एक बेहद सटीक जानकारी मिली थी कि उरी के दुर्गम इलाकों से कुछ आतंकी भारतीय सीमा में घुसने की फिराक में हैं. बिना वक्त गंवाए सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला और बुच्छर के जंगलों में जाल बिछा दिया.

रात का वक्त, घना जंगल और कड़ाके की ठंड चुनौतियां कम नहीं थीं. लेकिन जवानों की पैनी नजरें अंधेरे को चीर रही थीं. जैसे ही आतंकियों की हलचल महसूस हुई, सतर्क जवानों ने उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी. खुद को घिरा देख आतंकी ने घबराहट में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. भारतीय जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में उस आतंकी को वहीं ढेर कर दिया.

आतंकी के पास मिला मौत का सामान

मुठभेड़ खत्म होने के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई, तो सुरक्षाबलों के भी कान खड़े हो गए. मारे गए पाकिस्तानी आतंकी के पास से ‘वॉर लाइक स्टोर्स’ यानी युद्ध जैसा साजो-सामान बरामद हुआ है. इसमें एक घातक एके-राइफल, पिस्तौल और मैगजीन के साथ भारी मात्रा में जिंदा कारतूस शामिल हैं.

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आतंकी जिस तरह के हथियारों से लैस था, उससे साफ पता चलता है कि वह किसी छोटी-मोटी घटना के लिए नहीं, बल्कि घाटी में किसी बड़े आतंकी हमले या वीआईपी टारगेट को निशाना बनाने के इरादे से आया था. उसके पास से मिले सामान यह भी पुख्ता करते हैं कि उसे सीमा पार से पूरी ट्रेनिंग और रसद देकर भेजा गया था.

ये भी पढ़ें: 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल; चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे करेगा तारीखों का ऐलान, बंगाल से केरल तक टिकी नजरें

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read