Bharat Express DD Free Dish

समस्तीपुर से राष्ट्रपति भवन तक: 14 साल के ‘वंडर बॉय’ वैभव सूर्यवंशी का जलवा, राष्ट्रपति ने दिया सर्वोच्च बाल सम्मान

Vaibhav Sooryavanshi Bal Puraskar: महज 14 साल की उम्र में एक लड़के ने क्रिकेट की दुनिया में वो कर दिखाया जो बड़े-बड़े दिग्गज अपने पूरे करियर में नहीं कर पाते. इसी अद्भुत प्रतिभा का सम्मान करने के लिए जब राष्ट्रपति भवन के दरवाजे खुले, तो पूरा बिहार गर्व से झूम उठा जानिए वैभव सूर्यवंशी का जलवा.

Vaibhav Sooryavanshi Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar President Droupadi Murmu

Vaibhav Sooryavanshi Bal Puraskar: बिहार के समस्तीपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले 14 वर्षीय क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने न केवल खेल के मैदान में बल्कि देश के सर्वोच्च मंच पर भी अपना परचम लहरा दिया है. शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ (Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar) से सम्मानित किया. यह पुरस्कार भारत सरकार द्वारा बच्चों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. वैभव उन 20 प्रतिभाशाली बच्चों में शामिल थे, जिन्हें उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए चुना गया था.

विश्व रिकॉर्ड और पीएम मोदी से मुलाकात वैभव को यह सम्मान उनके हालिया घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किए गए रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के लिए मिला है. सम्मान समारोह के बाद अब यह युवा क्रिकेटर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेगा. वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट में खलबली मचा दी है, चाहे वह विजय हजारे ट्रॉफी हो या आईपीएल. इस सम्मान को पाने के लिए वैभव को अपना मणिपुर के खिलाफ होने वाला मैच छोड़ना पड़ा, लेकिन देश के सर्वोच्च पद से मिली शाबाशी ने इस त्याग को सार्थक कर दिया.

वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियां (Vaibhav Sooryavanshi)

विश्व का सबसे तेज शतक (लिस्ट ए)- विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए वैभव ने इतिहास रच दिया. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मात्र 36 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया.

एबी डिविलियर्स को पछाड़ा- अपनी 190 रनों की पारी के दौरान वैभव ने अंतरराष्ट्रीय दिग्गज एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का कीर्तिमान स्थापित किया और एक पारी में 15 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने.

190 रन की तूफानी पारी- वैभव ने 84 गेंदों में 190 रन बनाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया. इस पारी में उन्होंने 16 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के लगाए, जिसकी बदौलत बिहार ने 574 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया.

आईपीएल में खास पहचान- वैभव इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ एक मैच में मात्र 35 गेंदों में शतक लगाकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था. वे आईपीएल इतिहास के सबसे युवा और चर्चित खिलाड़ियों में से एक हैं.

अंडर-19 में शानदार आगाज- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वैभव का बल्ला खूब चला है. अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 171 रनों की मैराथन पारी खेली थी. अब वे आगामी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं.

देश भर से 20 बच्चों को किया गया सम्मानित

बता दें कि, शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वीर बाल दिवस के मौके पर देश भर से चुने गए कुल 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया. ये बच्चे 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए. इनमें भारत के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल थे.

14 साल के वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए आज दिल्ली पहुंचे. जहां उन्हें राष्ट्रपति मुर्मू ने सम्मानित किया. गौरतलब है कि विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की तरफ से खेल रहे वैभव जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं, लेकिन आज पुरस्कार वितरण में उपस्थित रहने की वजह से मणिपुर से हो रहे मैच में वो अपनी टीम में शामिल नहीं हो पाये.

ये भी पढ़ें- कौन हैं वो 20 ‘बालवीर’ जिन्हें मिला बाल सम्मान? जानिए कारनामे

क्यों मनाया जाता है वीर बाल दिवस?

वीर बाल दिवस सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह के 4 बेटों की शहादत के सम्मान में मनाया जाता है. उनकी शहादत के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए पीएम मोदी ने 2022 में इसकी घोषणा की थी.

गुरु गोविंद सिंह की तीन पत्नियों से कुल 4 बेटे थे. जिनका नाम अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह था. इन्हें चार साहिबजादे के नाम से भी जाना जाता है. जिनकी 26 दिसंबर 1705 को मुगलों के द्वारा हत्या कर दी गई थी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read