प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी में आज एक बड़ा पर्यावरणीय उपलब्धि हासिल हुई. वाराणसी नगर निगम ने मात्र एक घंटे में 2.51 लाख से ज्यादा पौधे लगाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया. यह रिकॉर्ड चीन के पुराने रिकॉर्ड (1.53 लाख पौधे एक घंटे में) को तोड़ते हुए हासिल किया गया. गंगा घाट के पास डोमरी क्षेत्र में यह कार्यक्रम हुआ.
इस मेगा ड्राइव में 20 हजार से ज्यादा आम नागरिकों ने हाथ बंटाया. सबने मिलकर यह काम इतनी तेजी से पूरा किया कि पूरी दुनिया हैरान रह गई. यह जन भागीदारी का शानदार उदाहरण है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के जज ने आधिकारिक प्रमाण पत्र महापौर और अधिकारियों को सौंपा.
नमो वन: 350 बीघा का शहरी जंगल
यह सब ‘नमो वन’ नामक बड़े शहरी वन प्रोजेक्ट का हिस्सा है. करीब 350 बीघा जमीन पर यह जंगल विकसित किया जा रहा है. इसमें कुल 3 लाख पौधे लगाए जाएंगे. इनमें 2.5 लाख मियावाकी विधि के पौधे, 10 हजार लकड़ी के पेड़ और 40 हजार फलदार पेड़ शामिल हैं. मियावाकी विधि से पौधे जल्दी घने जंगल में बदल जाते हैं.
प्रोजेक्ट की अन्य सुविधाएं और फायदे
प्रोजेक्ट में 4 किलोमीटर लंबा वॉकिंग पाथ, योग और मेडिटेशन प्लाजा, 4 हेक्टेयर फूलों का पार्क, 2 हेक्टेयर हर्बल पार्क, बच्चों का खेल क्षेत्र और ओपन जिम होगा. भविष्य में नेचुरोपैथी प्लाजा भी बनेगा. यह जंगल जैव विविधता बढ़ाएगा, गंगा तट को मजबूत करेगा और पर्यावरण संतुलन सुधारेगा.
तीसरे साल से नगर निगम को हर साल करीब 2 करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है. सातवें साल तक यह रकम बढ़कर 7 करोड़ रुपये सालाना हो सकती है. यह पर्यावरण के साथ-साथ शहर की अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद साबित होगा.
ये भी पढ़ें: ताकत ही भारत की असली ढाल: पीएम मोदी ने बताया कैसे नाकाम हुई थी पाक की सबसे बड़ी साजिश?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

