Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP News: वाराणसी में 90 करोड़ की लागत से बनी सड़क बारिश में धंसी, वीडीए ने निर्माण कंपनी पर ठोंका 50 लाख का जुर्माना

वाराणसी विकास प्राधिकरण ने बारिश में नवनिर्मित सड़क के अचानक धंसने के बाद सख्त कार्रवाई की है. वीडीए ने सड़क का निर्माण करने वाली कंपनी को नोटिस जारी करते हुए 50 लाख का जुर्माना लगाया है.

Varanasi

वाराणसी विकास प्राधिकरण (फाइल फोटो)

वाराणसी के सारनाथ में प्रो-पुअर योजना के तहत 90 करोड़ रुपये से बन रही सारनाथ-बर्खपुर रोड बारिश में ध्वस्त हो गई. कुछ दिनों बाद ही सड़क जगह- जगह धंस गई और वाहन फंसने लगे. सड़कों पर बने गड्ढे को दुरुस्त करने वाले वाहनों के फंसने के बाद सरकारी तंत्र की जमकर फजीहत हुई. जिसका संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण करने वाली फर्म के खिलाफ कार्रवाई की गई.

वाराणसी विकास प्राधिकरण ने शहर के सौंदर्यीकरण में लापरवाही बरतने के मामले में केके कंस्ट्रक्शन कंपनी को जांच में दोषी पाया है. मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल परियोजनाओं को जोड़ने वाली सड़क धंसने पर फर्म के खिलाफ नोटिस जारी करने के बाद जुर्माना लगाया है.

वीडीए ने निर्माण कंपनी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. इसके अलावा वीडीए सचिव ने फर्म को एफआईआर दर्ज करने और ब्लैक लिस्ट क्यों न किया जाए, का कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है. वीडीए सचिव ने कहा कि अगर 24 घंटे में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. वहीं एक कंपनी पर बड़ा जुर्माना और नोटिस के बाद अन्य निर्माण कंपनियों और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है.

वीडीए सचिव ने निरीक्षण के बाद लगाया जुर्माना

सारनाथ में नवनिर्मित सड़क के अचानक धंसने के बाद वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहन धंसने के स्थल का निरीक्षण किया गया था. कार्यदायी एजेंसी के अधिकारी भी मौके पर बुलाए गए और सड़क के हालात पर सवाल भी किए. सड़क की हालत देख उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई. लापरवाही पर केके कंस्ट्रक्शन पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. वीडीए ने फर्म को नोटिस देकर 24 घंटे में जवाब मांगा है. संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है. 24 घंटे बीतने के बाद कार्रवाई की गई. सचिव ने सड़क निर्माण कार्यों की जांच रिपोर्ट भी तलब की है.

यह भी पढ़ें- आय से अधिक संपत्ति मामले में कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को सुप्रीम कोर्ट से झटका, याचिका खारिज

वीडीए सचिव के अनुसार, जहां सड़क धंसी है. वहां नीचे सीवर और पेयजल लाइन गई हैं. जिनमें लीकेज के चलते सड़क धंसने की समस्या आई है. पर्यटन विकास के लिए सारनाथ में प्रो पुअर योजना के तहत काम चल रहा है. बौद्ध मंदिरों को सारनाथ मुख्य चौराहे और संग्रहालय तक जोड़ने के तहत काम चल रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital