Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे का डबल अटैक; दिल्ली में प्रदूषण ‘बेहद खराब’, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

उत्तर भारत में ठंड, कोहरा और प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. IMD के अनुसार, पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी से आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में तापमान और गिरेगा, जबकि दिल्ली में AQI 400 के करीब बना हुआ है.

Weather Update, IMD Alert, Delhi Pollution

Weather Update: पिछले कई दिनों से उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिन के समय में धूप और तेज हवाएं महसूस हो रही है लेकिन ठंड से फिल्हाल कोई राहत नहीं हैं. वहीं कई राज्यों में भारी कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पढ़ रहा है. पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं, जिसका असर आने वाले दिनों में साफ तौर पर दिख सकता है.

दिल्ली-NCR में कोहरे और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें

दिल्ली में बढ़ती ठंड़ के साथ कोहरे का स्तर तेजी से बढ़ रहा है वहीं प्रदूषण में भी कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है. मौसम विभाग की माने तो आज राज्य में तापमान 8 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है. सुबह हल्की धूप रहेगी लेकिन ठंड़ी हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ सकती है.

IMD का कहना है कि आने वाले दिनों में धुंध और कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने की संभावना है, जिसके कारण आने वाले समय में कई ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.

वहीं प्रदूषण भी बड़ी चिंता बना हुआ है. सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 385 से 400 के बीच बना हुआ है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. जहांगीरपुरी, मुंडका और वजीरपुर जैसे इलाकों में हालात और भी गंभीर हैं.

पहाड़ों पर हलचल, मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, भले ही इस हफ्ते के शुरुआती दिन ज्यादातर साफ रहें, लेकिन 20 और 21 दिसंबर के आसपास मौसम करवट ले सकता है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है. इसका सीधा असर मैदानी राज्यों पर पड़ेगा और ठंड और ज्यादा तीखी हो सकती है. वहीं अगले 24 घंटे के भीतर तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार, कर्नाटक और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं.

ये भी पढ़ें- Weather Update: कोहरे की चादर से ढकी पूरी दिल्ली-NCR, ठंड और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें, जानें आने वाले दिनों का हाल

यूपी, बिहार में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में सर्द हवाएं दिन में भी कंपकंपी बढ़ा रही हैं. पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही हो सकती है, हालांकि फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. बिहार में भी कोहरा और ठंडी हवाओं ने हालात बिगाड़ दिए हैं. दृश्यता कम होने के चलते फ्लाइट्स और ट्रेनें लगातार लेट चल रही हैं.

हरियाणा-पंजाब में ठंड का असर

हरियाणा और पंजाब में भी सुबह के वक्त घना कोहरा छाने की संभावना है और आने वाले दिनों में पाला गिरने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में कमी आएगी, जिससे गलन वाली ठंड लोगों को बेहाल कर सकती है. इस सप्ताह आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी.

राजस्थान से कश्मीर तक कड़ाके की सर्दी

राजस्थान में बर्फीली हवाओं ने ठंड को और तीखा कर दिया है. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है. फतेहपुर, नागौर, सीकर और चूरू जैसे इलाकों में रातें बेहद सर्द हो रही हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read