Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का ‘तांडव’; यूपी में रेड अलर्ट, दिल्ली में दमघोंटू हवा और कोहरे का डबल अटैक

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने पूरे उत्तर भारत की रफ्तार थाम दी है. यूपी के कई जिलों में ‘सीवियर कोल्ड डे’ की चेतावनी के बीच रेड अलर्ट जारी है, वहीं दिल्ली में कड़ाके की सर्दी के साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

Weather Update, Delhi Pollution, IMD Alert

Weather Update: उत्तर भारत में मौसम ने अब पूरी तरह से अपने तेवर बदल लिए हैं. अगर आप सुबह सोकर उठ रहे हैं, तो खिड़की के बाहर आपको सिर्फ सफेद चादर यानी घना कोहरा ही नजर आएगा. आलम यह है कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है. मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए जो अपडेट जारी किया है, वह डराने वाला है. उत्तर प्रदेश में कोहरे को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और बिहार में ‘ऑरेंज अलर्ट’ की चेतावनी है.

कोहरे की मार से ठप हुई रफ्तार

कोहरे का सबसे ज्यादा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ रहा है. विजिबिलिटी इतनी कम है कि सामने खड़ी गाड़ी भी नजर नहीं आ रही. इसकी वजह से लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है. यूपी के अलावा उत्तराखंड, बंगाल, ओडिशा और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी ‘येलो अलर्ट’ है, यानी वहां भी धुंध का पहरा रहने वाला है.

दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण की ‘जहरीली’ मार

देश की राजधानी दिल्ली में दोहरी मुसीबत आन पड़ी है. एक तरफ पारा गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच गया है, तो दूसरी तरफ प्रदूषण ने फिर से घुटने टेक दिए हैं. शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार यानी ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया. दिन में धूप तो निकलती है, लेकिन सर्द हवाएं उस धूप की गर्माहट को सोख लेती हैं. आलम यह है कि दिल्ली-एनसीआर में गलन (हड्डियां कपाने वाली ठंड) लगातार बनी हुई है.

यूपी-बिहार में ‘कोल्ड डे’ का कहर

यूपी और बिहार के लोगों के लिए आने वाले कुछ दिन और भी मुश्किल भरे हो सकते हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में ‘सीवियर कोल्ड डे’ की चेतावनी है, जिसका मतलब है कि दिन के तापमान में कोई खास सुधार नहीं होगा और सूरज के दर्शन दुर्लभ हो सकते हैं. बिहार और उत्तराखंड में भी यही स्थिति बनी रहेगी. पड़ोसी राज्य झारखंड में भी ‘शीत लहर’ चलने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में भारी गिरावट आएगी.

ये भी पढ़ें- ट्रेन किराया बढ़ा, लेकिन इन यात्रियों को नहीं देना होगा एक भी पैसा एक्स्ट्रा; रेलवे ने दी बड़ी राहत

राजस्थान में ‘पाला’ और दक्षिण में बारिश का कहर

राजस्थान में भी मौसम का मिजाज काफी बदल गया है. वेस्टर्न डिस्टरबेंस के हटते ही उत्तरी ठंडी हवाओं ने मैदानों का रुख कर लिया है. जयपुर, सीकर और नागौर जैसे शहरों में तो महज दो दिनों के भीतर तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है. ग्रामीण इलाकों में तो ‘पाला’ जमने लगा है, जिससे फसलों को लेकर किसान चिंतित हैं.

इसके अलावा एक तरफ उत्तर भारत ठिठुर रहा है, तो दूसरी तरफ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम अलग ही कहानी कह रहा है. वहां तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है. मन्नार की खाड़ी के पास 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read