AI जेनरेटेड इमेज
Aaj Ka Mausam: मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है और मौसम ने अपने तेवर इस कदर दिखाए कि बसंत का खुशनुमा अहसास कहीं गायब ही हो गया. सीधे तपती हुई दोपहर और पसीने छुड़ाने वाली गर्मी ने दस्तक दे दी है. लेकिन अगर आप भी इस बढ़ते पारे से परेशान हैं, तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया है कि देश के एक बड़े हिस्से में ‘बादलों की परेड’ शुरू होने वाली है.
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर चलने वाला है. यानी अब घर से निकलते वक्त सिर्फ चश्मा ही नहीं, छाता भी साथ रखना पड़ सकता है. चलिए जानते हैं कि आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है.
यूपी में Aaj Ka Mausam
यूपी में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. शुक्रवार को तो पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा. गोरखपुर समेत कई जिलों में सुबह के वक्त धुंध देखी गई, तो दिन में तीखी धूप ने सताया. लेकिन अब खेल पलटने वाला है.
15 मार्च से एक नया ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसका सीधा असर यूपी के 20 से ज्यादा जिलों पर पड़ेगा. लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर वाराणसी और मेरठ तक, 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. राहत की बात यह है कि इस बारिश के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे तपिश से थोड़ी निजात मिलेगी.
दिल्ली-NCR में Aaj Ka Mausam
देश की राजधानी में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है. 13 मार्च की सुबह इस साल की अब तक की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर रहा.
आज यानी शनिवार (Aaj Ka Mausam) को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की उम्मीद कम है. हालांकि, रविवार (15 मार्च) की सुबह दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों, में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है. इससे अगले दो-तीन दिनों तक पारे में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि इसके बाद गर्मी फिर से जोर पकड़ेगी.
पहाड़ों में Aaj Ka Mausam
अगर आप पहाड़ों की सैर पर जाने का सोच रहे हैं, तो थोड़ा संभलकर. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 से 19 मार्च के बीच मौसम काफी आक्रामक रह सकता है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है. उत्तराखंड और हिमाचल में तो ओले गिरने और बिजली कड़कने की चेतावनी भी दी गई है. कुछ इलाकों में तो हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए जोखिम भरा हो सकता है.
बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर (Aaj Ka Mausam)
पूर्वी भारत में भी गर्मी के बीच बारिश की आहट है. बिहार में 15 से 18 मार्च के बीच हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. झारखंड में बारिश से पहले कुछ इलाकों में लू (Heatwave) का असर रह सकता है, लेकिन 15 मार्च के बाद वहां भी मौसम थोड़ा नरम पड़ेगा.
वहीं, पूर्वोत्तर भारत, खास तौर पर अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 13 से 19 मार्च के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है. अरुणाचल में तो भारी से बहुत भारी बारिश या बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है.
किसानों के लिए बढ़ी चिंता
जहां आम लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आएगी, वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं. मार्च का समय रबी की फसलों की कटाई और पकने का होता है. ऐसे में तेज आंधी और ओलावृष्टि (खासकर पश्चिमी यूपी और हिमाचल में) फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को देखते हुए अपनी फसलों का प्रबंधन करें.
ये भी पढ़ें: लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए मोदी सरकार की बड़ी मुहिम, 14 साल की लड़कियों के लिए HPV वैक्सीनेशन ड्राइव
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


