Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर आसमान से राहत की बूंदें बरसने लगी हैं. गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद शुक्रवार सुबह भी कई इलाकों में अचानक जमकर पानी गिरा. नतीजा ये हुआ कि कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई.
आज 15 अगस्त है और हर तरफ स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम होने हैं, लेकिन आसमान में मंडरा रहे काले बादल लोगों के मन में सवाल खड़ा कर रहे हैं, क्या बारिश जश्न में खलल डालेगी?
मौसम विभाग का ताज़ा अपडेट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 14 अगस्त को दिल्ली में करीब 65 मिमी बारिश दर्ज की गई. अलग-अलग इलाकों में बारिश का स्तर अलग रहा, जिसमें सबसे ज़्यादा पानी सफदरजंग में रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से तेज़ बारिश हो सकती है. साथ ही लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है.
नोएडा, गाज़ियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी यही हाल रहेगा. खासतौर पर फरीदाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
इसका मतलब ये है कि अगर आप स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होने की सोच रहे हैं तो छाता या रेनकोट साथ ले जाना बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें- मुंबई के आलीशान होटल से लेकर करोड़ों की प्रॉपर्टी तक, जानिए क्या है Sachin Tendulkar के होने वाले समधी का कारोबार?
यूपी के कई जिलों में अलर्ट
बारिश का असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए अलर्ट जारी किया है.
पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर और बिजनौर के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. वहीं, 19 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट और 36 जिलों के लिए बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.
पश्चिमी यूपी और तराई इलाकों में पहले से ही अच्छी बारिश हो चुकी है, और अनुमान है कि 15 अगस्त को भी वहां तेज़ बारिश का दौर जारी रहेगा. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर बिजली कड़कने और पानी भरने की स्थिति में.
Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



