Bharat Express DD Free Dish

मौसम का ‘मल्टी-टास्किंग’ मोड! दिल्ली वाले कराए एसी की सर्विस, तो दक्षिण वाले निकाल के रखे छाते, जानें अपने शहर का हाल

देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है.दिल्ली-NCR और राजस्थान में जहां पारा 40 डिग्री पार करने की तैयारी में है, वहीं दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

Weather Update Today 8 May 2026 Heatwave in Delhi, Rain Alert in Kerala and UP-Bihar

AI IMAGE

Today Weather: आज 8 मई है और देश के मौसम ने एक बार फिर से ‘मल्टी-टास्किंग’ शुरू कर दी है. जहां एक तरफ सूरज देवता अपने तेवर तीखे करने की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ों और दक्षिण भारत में बादलों ने डेरा डाल रखा है. अगर आप दिल्ली-एनसीआर में हैं तो पसीने वाली गर्मी के लिए तैयार हो जाइए, लेकिन अगर आप उत्तराखंड या केरल की तरफ हैं, तो छाता साथ रखना समझदारी होगी.

दिल्ली-NCR: गर्मी की ‘वापसी’ और पारे का टॉर्चर

दिल्ली वालों के लिए राहत के दिन अब बीतते नजर आ रहे हैं. पिछले कुछ दिनों की सुहावनी शामों के बाद अब राजधानी में धूप और लू (Heatwave) का दौर शुरू होने वाला है. आज यानी शुक्रवार को आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, जिसका मतलब है कि दिन भर तेज धूप खिलेगी.

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रहेगा, जो 10 मई तक बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है. अगले 6 दिनों तक दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए कूलर और एसी की सर्विस करवा ली है तो अब उन्हें फुल स्पीड पर चलाने का वक्त आ गया है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश: लौट रही है झुलसाने वाली लू

राजस्थान में जो बारिश की फुहारें राहत दे रही थीं, वे अब थम चुकी हैं. पश्चिमी राजस्थान में 9 मई से ‘हीटवेव’ का अलर्ट जारी किया गया है. जोधपुर और बीकानेर जैसे संभागों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां मौसम के दो रंग दिख रहे हैं. ग्वालियर, रीवा और चंबल संभाग के करीब 21 जिलों में आज भी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे वहां तापमान 34-35 डिग्री के आसपास बना हुआ है. लेकिन भोपाल, इंदौर और उज्जैन में सूरज का सितम जारी है, जहां पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. नरसिंहपुर 42.4 डिग्री के साथ फिलहाल सबसे गर्म बना हुआ है.

यूपी-बिहार: आंधी-पानी और बिजली का खतरा

उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा. यूपी के कई जिलों में आज हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. वहीं बिहार के पटना, गया और मुजफ्फरपुर में भी बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

हालांकि, बारिश के बावजूद उमस लोगों को परेशान करेगी. 9 और 10 मई को झारखंड और पश्चिम बंगाल में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जो काफी खतरनाक साबित हो सकती हैं.

पहाड़ों पर बर्फबारी और दक्षिण में भारी बारिश

उत्तराखंड के देहरादून समेत कई इलाकों में आज मौसम बिगड़ सकता है. ऊंचे पहाड़ी जिलों जैसे उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ-साथ बर्फबारी का भी अनुमान है. मैदानी इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है.

दक्षिण भारत में प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय है. केरल में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है. तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में भी झमाझम बारिश और बिजली कड़कने के आसार हैं. चेन्नई मौसम केंद्र ने 11 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

क्या 10 मई से फिर बदलेगा सीन?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 से 12 मई के बीच एक नया ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) उत्तर भारत में दस्तक देगा. इसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक बार फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है. यानी गर्मी आएगी तो सही, लेकिन बीच-बीच में कुदरत राहत के झोंके भी भेजती रहेगी.

ये भी पढ़ें: नक्सलवाद के अंत की उल्टी गिनती शुरू! बस्तर आ रहे अमित शाह, 4 राज्यों के सीएम के साथ बनेगा बड़ा प्लान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read