Bharat Express DD Free Dish

CSK vs MI: चेपॉक में चैंपियन टीमों की टक्कर, धोनी-रोहित के खेलने पर कोच ने तोड़ी चुप्पी, दिया ये बड़ा अपडेट

IPL 2026 का 44वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों के दिग्गज खिलाड़ी MS धोनी और रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. मैच से पहले कोच के बयान ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है.

CSK vs MI Will Dhoni and Rohit Play

CSK vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 44वां मुकाबला आज चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में पांच बार की चैंपियन टीमों के बीच टक्कर देखने को मिलेगी. एक तरफ चेन्नई सुपर किंग्स है, जिसने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में IPL खिताब जीता है. वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस है, जो 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनी है.

IPL 2026 में अब तक दोनों ही टीमों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और दोनों संघर्ष करती नजर आई हैं. इस मुकाबले से पहले फैंस की नजरें दोनों टीमों के सबसे बड़े खिलाड़ियों पर टिकी हैं. चेन्नई के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) और मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma). दोनों के खेलने को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है. अब सभी यह जानना चाहते हैं कि आज के मैच में धोनी और रोहित मैदान पर उतरेंगे या नहीं.

रोहित खेल रहे हैं या नहीं?

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के खेलने पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. टीम के कोच महेला जयवर्धने ने बताया कि उनकी हालत पहले से बेहतर है और वह वापसी के लिए मेहनत कर रहे हैं. टीम और मेडिकल स्टाफ रोज उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं. वह कैसा महसूस करते हैं और शरीर कैसे रिस्पॉन्स करता है, उसी के आधार पर फैसला लिया जाएगा.

धोनी यह मैच खेलेंगे या नहीं?

एमएश धोनी (MS Dhoni) के इस मैच में खेलने को लेकर अभी कोई पक्का फैसला नहीं हुआ है. सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने बताया कि धोनी की हालत पहले से बेहतर हो रही है, लेकिन वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं. उनकी वापसी इस बात पर निर्भर करेगी कि वह खुद मैदान में उतरने के लिए कितना तैयार महसूस करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही धोनी को अपने पैर (काल्फ) पर भरोसा होगा, वह खुद खेलने का संकेत देंगे. फिलहाल टीम और फैंस दोनों उनके फैसले का इंतजार कर रहे हैं. गौरतलब है कि वह लंबे समय से काल्फ इंजरी से जूझ रहे हैं और बीच में अभ्यास के दौरान हल्की परेशानी फिर बढ़ गई थी, जिससे उनकी वापसी में देरी हुई.


ये भी पढ़ें: IPL 2026 में शुरू हुआ ‘करो या मरो’ का खेल, प्लेऑफ की रेस हुई तेज; जानें पॉइंट्स टेबल का ताजा हाल


चेपॉक पिच कैसी रहेगी?

यह मैच पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा. यहां पहले भी बड़ा स्कोर देखने को मिला है, जब पंजाब किंग्स ने चेन्नई के खिलाफ 210 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था. इस पिच पर गेंद तेज आती है और उछाल भी मिलता है, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में मदद मिलती है. मैदान की बाउंड्री भी छोटी है, इसलिए इस मैच में एक बार फिर बड़ा स्कोर बनने की संभावना जताई जा रही है.

दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड (CSK vs MI Head-to-Head record)

चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच अब तक 40 मैच खेले गए हैं. इनमें मुंबई ने 21 मुकाबले जीते हैं, जबकि चेन्नई ने 19 बार जीत दर्ज की है. हालांकि कुल रिकॉर्ड में मुंबई आगे है, लेकिन पिछले 6 मैचों में चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है, जिसमें उसने 5 मुकाबले अपने नाम किए हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read