MI vs CSK: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स से टॉस जीता है. मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है. बता दें कि इस मैच में रोहित शर्मा और एमएस धोनी दोनों नहीं खेल रहे हैं.
मुंबई की टीम बिना किसी बदलाव के उतरी है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने दो बदलाव किए हैं. आयुष म्हात्रे की जगह कार्तिक त्यागी और मैथ्यू शॉर्ट की जगह प्रशांत वीर को शामिल किया गया है. दोनों टीमें अब तक इस सीजन 6 मैचों में 2-2 जीत के साथ 4-4 अंक पर हैं. हालांकि नेट रन रेट के कारण मुंबई 7वें और चेन्नई 8वें स्थान पर है. यह मैच दोनों के लिए अहम है, क्योंकि हारने वाली टीम की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लग सकता है.
दोनों टीमों की हेड-टू-हेड ( MI vs CSK Head to Head)
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच IPL में अब तक 39 मुकाबले हुए हैं. इनमें मुंबई ने 21 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई को 18 बार जीत मिली है. अगर की वानखेड़े स्टेडियम की बात करें, तो यहां मुंबई का रिकॉर्ड थोड़ा बेहतर है. इस मैदान पर मुंबई ने 8 मैच जीते हैं और चेन्नई ने 5 मुकाबले अपने नाम किए हैं. आंकड़ों से मुकाबला कड़ा लग रहा है, लेकिन जो टीम आज बेहतर खेलेगी वही जीत हासिल करेगी. मौजूदा स्थिति को देखें तो मुंबई थोड़ा आगे नजर आती है.
वानखेड़े की पिच का मिजाज
वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium pitch report) की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है, जिससे बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं. दूसरी पारी में ओस का असर खेल पर साफ दिखता है, जिससे गेंदबाजों को दिक्कत होती है.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: महज 8 रन में बना इतिहास! वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा IPL का महारिकॉर्ड
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (MI vs CSK Playing 11)
मुंबई इंडियंस प्लेइंग 11 (MI Playing 11): क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, जसप्रीत बुमराह, कृष भगत, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार
चेन्नई सुपर किंग्स प्लेइंग 11 (CSK Playing 11): संजू सैमसन (विकेट कीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), सरफ़राज़ खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, मुकेश चौधरी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




