Bharat Express DD Free Dish

SRH vs RCB: टॉप-2 की जंग, हैदराबाद को चाहिए इतनी बड़ी जीत, समझें पूरा गणित

SRH और RCB के बीच IPL 67वां मुकाबला टॉप-2 की रेस के लिए अहम है. अगर RCB जीतती है तो वह क्वालीफायर-1 में पहुंच जाएगी, लेकिन अगर SRH जीतती है तो फैसला नेट रन रेट से होगा.

SRH vs RCB match prediction

SRH vs RCB: शुक्रवार (22 मई) को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 67वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा. यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा. यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि दोनों टीमों के सिर से प्लेऑफ का खतरा तो खत्म हो गया है, लेकिन पॉइंट्स टेबल पर टॉप की टक्कर जारी है. RCB, जो पॉइंट्स टेबल पर शीर्ष स्थान पर है, तो दूसरी तरफ SRH अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है. इस मैच के बाद यह साफ हो जाएगा कि क्वालीफायर-1 किन टीमों के बीच खेला जाएगा.

क्वालीफायर किन टीमों के बीच होगा?

क्वालीफायर-1 उन दो टीमों के बीच खेला जाता है जो पॉइंट्स टेबल में पहले और दूसरे स्थान पर रहती हैं. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाती है. हारने वाली टीम बाहर नहीं होती, उसे फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलता है और वह क्वालीफायर-2 खेलती है.

दूसरी तरफ, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर खेलती हैं. इसमें जीतने वाली टीम आगे बढ़कर क्वालीफायर-2 में जाती है, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाती है.

  1.  RCB: अंक- 18, नेट रन रेट – +1.065
  2.  GT: अंक- 18, नेट रन रेट- +0.695
  3.  SRH: अंक- 16, नेट रन रेट- +0.350

नेट रन रेट से होगी जीत

अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आज जीत जाती है, तो उनके कुल 20 अंक हो जाएंगे, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 16 अंकों पर ही रह जाएगी. ऐसे में क्वालीफायर मुकाबला RCB और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच होगा, क्योंकि GT के पास पहले से 18 अंक हैं. लेकिन अगर SRH जीत जाती है, तो RCB, SRH और GT तीनों के 18-18 अंक हो जाएंगे. फिर टॉप-2 में कौन पहुंचेगा, यह नेट रन रेट से तय होगा. इस स्थिति में SRH का नेट रन रेट कमजोर है, इसलिए उन्हें सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत हासिल करनी जरूरी होगी.


ये भी पढ़ें: शुभमन गिल ने एक ही मैच में कर दिए ये 4 बड़े कमाल, पूरे किए 6 हजार टी20 रन; CSK के खिलाफ आई आंधी


SRH को इतने रन से जीतना होगा

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को टॉप-2 में आने के लिए सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़ी जीत चाहिए होगी. यह लक्ष्य उनके बनाए गए स्कोर पर निर्भर करेगा. अगर SRH 110 से 140 रन बनाती है, तो उन्हें कम से कम 88 रनों से जीतना होगा ताकि नेट रन रेट GT से बेहतर हो सके. अगर स्कोर 160 से 180 रन के बीच रहता है, तो जीत का अंतर 90 रन होना जरूरी होगा. 180 से 210 रन बनाने पर 91 रनों से जीत चाहिए होगी. और अगर टीम 229 से 253 रन बनाती है, तो 89 रनों से जीत हासिल करनी होगी.

अगर SRH लक्ष्य का पीछा करती है, तो स्थिति अलग होगी. उन्हें 110 से 165 रन का लक्ष्य 12.3 ओवर के अंदर पूरा करना होगा, और अगर लक्ष्य इससे ज्यादा है तो 13 ओवर के भीतर चेज करना होगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read