Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘मै फिट नहीं’; आखिर किस बीमारी से जूझ रहे हैं विराट कोहली? लखनऊ से जीतने के बाद खुद बताई समस्या

RCB की शानदार जीत के बाद विराट कोहली ने खुलासा किया कि वे अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं. घुटने के दर्द और बीमारी के बावजूद उन्होंने लखनऊ (LSG) के खिलाफ 49 रन बनाए, जिससे टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई.

virat kohli fitness update rcb vs lsg ipl 2026 news

Virat Kohli

RCB vs LSG: IPL 2026 के रोमांच के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए एक साथ दो खबरें आई हैं. पहली खबर तो बेहद शानदार है कि उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है, लेकिन दूसरी खबर थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली है. टीम की इस जीत के हीरो रहे विराट कोहली (Virat Kohli)  ने मैच के बाद एक ऐसा खुलासा किया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. विराट ने साफ तौर पर माना है कि मैदान पर शानदार बल्लेबाजी करने के बावजूद वे अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और पिछले कुछ दिनों से शारीरिक दिक्कतों का सामना कर रहे हैं.

‘मेरी तबियत खराब है’: Virat Kohli

बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 49 रनों की बेहद सधी हुई और अहम पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत आरसीबी ने महज 15.1 ओवर में ही जीत हासिल कर ली. लेकिन मैच खत्म होने के बाद जब विराट ब्रॉडकास्टर्स से बात करने आए, तो उन्होंने अपनी फिटनेस को लेकर सच्चाई बयां की.

कोहली ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से उनकी तबीयत काफी खराब चल रही थी और उनके घुटने में भी दर्द था. उन्होंने कहा कि वे अभी अपनी पुरानी लय और 100 प्रतिशत फिटनेस हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि आज उनके भीतर अच्छी एनर्जी थी.

मैच फिनिश न कर पाने का मलाल

विराट अपनी फिटनेस के साथ-साथ अपने खेल को लेकर भी हमेशा काफी सख्त रहते हैं. 49 रन पर आउट होने और मैच को अंत तक न ले जा पाने का दर्द उनके शब्दों में साफ झलका. कोहली ने कहा कि आज पिच काफी धीमी हो गई थी और हालात थोड़े मुश्किल थे, लेकिन फिर भी उन्हें लगता है कि मैच उन्हें ही फिनिश करके वापस आना चाहिए था.

कोहली के मुताबिक, शुरुआत अच्छी मिलने के बाद वे अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील करना चाहते थे. ये विराट का खेल के प्रति जुनून ही है कि आधी फिटनेस और बीमारी के बावजूद वे खुद को मैच न जिता पाने के लिए कसूरवार मान रहे थे, जबकि टीम उनकी पारी की वजह से आसानी से जीत गई.

बदलते T20 क्रिकेट पर कोहली का मंत्र

आजकल टी20 क्रिकेट में जिस तरह से 230-240 रनों के पहाड़ जैसे स्कोर बन रहे हैं, उस पर भी विराट ने अपनी राय रखी. उन्होंने बहुत ही पते की बात कही कि हर मैच बड़े स्कोर वाला नहीं होगा और असली खिलाड़ी वही है जो हालात के हिसाब से खुद को ढाल ले.

विराट ने आगाह किया कि अभी टूर्नामेंट का पहला ही हाफ चल रहा है, लेकिन जैसे-जैसे हम दूसरे हाफ की ओर बढ़ेंगे, दबाव और ज्यादा बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि जब आजादी से खेलने का मौका कम होता है और दबाव हावी होने लगता है, तभी एक खिलाड़ी की समझदारी की असली परीक्षा होती है.

बता दें कि RCB की इस जीत में गेंदबाजों का भी बड़ा हाथ रहा. रासिख सलाम डार के चार विकेट और अनुभवी भुवनेश्वर कुमार के तीन विकेटों ने लखनऊ को महज 146 रनों पर समेट दिया था.

ये भी पढ़ें: टखने की चोट ने बदली कोहली की भूमिका… फील्डिंग से क्यों रखा गया दूर?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital