Hyderabad Diamond Ring News: एक धनी महिला इलाज कराने हैदराबाद के एक प्राइवेट क्लिनिक गई थी. डॉक्टर के कमरे में टेबल पर अपना बैग रखकर वह अंदर चली गई. उसके बैग में थी- 50 लाख रुपये कीमत की हीरे की अंगूठी. महज कुछ मिनटों की लापरवाही के कारण उसे वो अंगूठी गंवानी पड़ गई.
दरअसल, वहीं कमरे में साफ-सफाई कर रही एक 32 वर्षीय महिला कर्मचारी ने चुपके से अंगूठी उठा ली. कमरे से निकलते ही उसने अंगूठी को अपनी जेब में छिपा लिया. लेकिन उसे पकड़े जाने का डर था — CCTV, पुलिस और छानबीन के भय से फिर उसने ऐसा कदम उठाया, जो आप सोच नहीं सकते.
अंगूठी को कमोड में फ्लश कर दिया
वह महिला कर्मचारी सीधे टॉयलेट में गई और 50 लाख की हीरे की अंगूठी को कमोड में फ्लश कर दिया. सबूत मिटाने की कोशिश में उसने अंगूठी को हमेशा के लिए गायब करने की कोशिश की. लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया.
पूछताछ में चुराने से मुकरी महिला
इलाज कराने आई हीरे की अंगूठी की मालकिन को जब अपनी अंगूठी नहीं दिखी, तो तुरंत क्लिनिक मैनेजमेंट से शिकायत की. उसके बाद CCTV फुटेज चेक किया गया. तब वहीं साफ-सफाई करने वाली कर्मचारी की हरकतें कैमरे में दिखीं. लेकिन उसने साफ मना किया- मेरे पास नहीं है. तब पुलिस बुलाई गई.
पुलिस के आने के बाद उसने चोरी कबूल कर ली. उसके बताए जाने पर जब टॉयलेट की जांच शुरू हुई तो अंगूठी सीवर लाइन में फंसी मिली. प्लंबर को बुलाकर हीरे की अंगूठी को निकाला गया. उसे धोया गया, उसके बाद पॉलिश किया गया.
इस घटना के बाद पुलिस ने मीडिया को बताया कि उक्त महिला कर्मचारी ने अंगूठी बेचकर अच्छा-खासा मुनाफा कमाने की योजना बनाई थी, लेकिन घबराहट में सबूत मिटाने के चक्कर में खुद फंस गई. उसे जेल भेज दिया गया था.
यह भी पढ़िए: रत्नगर्भा में गरीब आदिवासी ने की दिन-रात खुदाई, निकला 19.22 कैरेट का हीरा, DM बोले— इसकी कीमत 80 लाख
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
